ताजमहल के साए में उद्योग संवाद: आगरा में जुटेंगे यूपी के आठ क्षेत्रों के उद्यमी
आगरा। एमएसएमई विभाग के तत्वावधान में 14 और 15 जून को आगरा के ताजमहल के पूर्वी द्वार स्थित ताज कन्वेंशन होटल में दो दिवसीय उत्तर प्रदेश उद्योग संवाद एवं उद्यम अवार्ड समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के आठ क्षेत्रों के उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम में आगरा के पेठा, फुटवियर, जरी व पर्यटन उद्योग की संभावनाओं पर विशेष चर्चा की जाएगी।
यह आयोजन प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चलेगा। उद्घाटन समारोह 14 जून को दोपहर 2 बजे होगा। समारोह में केंद्र और प्रदेश सरकार के कई मंत्री एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के अमित गुप्ता ने बताया कि समारोह में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, यूपी के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह,
यूपी के आयुष एवं खाद्य सुरक्षा मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई एवं खादी मंत्री राकेश सचान, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, सांसद नवीन जैन, एमएलसी विजय शिवहरे एवं उपायुक्त उद्योग उनुज कुमार आदि भाग लेंगे।
कार्यक्रम में यूपी के विभिन्न क्षेत्रों के एमएसएमई उद्योगों की चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा के साथ ही आगरा के पारंपरिक उद्योगों (पेठा, फुटवियर, जरी) को नई दिशा देने पर विचार होगा। पर्यटन से जुड़े उद्योगों आदि पर भी चर्चा होगी। सफल उद्यमियों को उद्यम अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा