हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष: बदलते दौर में पत्रकारिता की साख बचाना सबसे बड़ी चुनौती, ताज प्रेस क्लब की संगोष्ठी में मंथन, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल बोले- पत्रकारिता का गौरव पत्रकारों को ही बचाना होगा, योगेंद्र उपाध्याय और पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने जताई गिरते मानकों पर चिंता, वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान

आगरा। हिंदी पत्रकारिता की 200वीं जयंती के अवसर पर ताज प्रेस क्लब द्वारा आयोजित वैचारिक संगोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, बढ़ती चुनौतियों और सामाजिक जिम्मेदारियों पर गंभीर मंथन हुआ। ‘बदलती पत्रकारिता, बदलती जिम्मेदारी’ विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा देश के विभिन्न शहरों से आए वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति और भविष्य को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान भी किया गया।

May 30, 2026 - 20:34
 0
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष: बदलते दौर में पत्रकारिता की साख बचाना सबसे बड़ी चुनौती, ताज प्रेस क्लब की संगोष्ठी में मंथन, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल बोले- पत्रकारिता का गौरव पत्रकारों को ही बचाना होगा, योगेंद्र उपाध्याय और पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने जताई गिरते मानकों पर चिंता, वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर ताज प्रेस क्लब में शनिवार को आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल। मंचस्थ हैं उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और क्लब के अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्षगण।

पत्रकारिता में बढ़ रही चुनौतियां, गौरव बचाना होगा: बघेल

मुख्य अतिथि प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के सामने आज पहले से कहीं अधिक चुनौतियां हैं। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में ऐसे लोग भी प्रवेश कर रहे हैं, जिनका पत्रकारिता से कोई सरोकार नहीं है। ऐसे लोगों को पहचानकर पत्रकार संगठनों को स्वयं ही व्यवस्था को स्वच्छ बनाना होगा।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया सूचना और प्रचार का माध्यम हो सकता है, लेकिन यदि इतिहास और घटनाओं का स्थायी रिकॉर्ड सुरक्षित रखना हो तो समाचार पत्रों का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के अनेक बड़े नेताओं ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत पत्रकारिता से की थी। पत्रकारिता की ताकत को देखते हुए समाजवादी चिंतक डॊ. राम मनोहर लोहिया ने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताया था।

पत्रकार और जनप्रतिनिधि का रिश्ता ननद-भौजाई जैसा

प्रो. बघेल ने कहा कि पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों के बीच रिश्ता हमेशा संवाद और आलोचना का रहा है। हमारा और पत्रकारों का रिश्ता ननद-भौजाई जैसा है, शिकायतें भी रहती हैं और अपनापन भी बना रहता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का सहयोग उन्हें हमेशा मिला है और यदि जनप्रतिनिधि दो कदम आगे बढ़ते हैं तो पत्रकार चार कदम साथ चलते हैं।

ताज प्रेस क्लब में सोलर सिस्टम लगाने का आश्वासन दोहराया

केंद्रीय मंत्री ने ताज प्रेस क्लब भवन में सोलर सिस्टम स्थापित कराने के अपने पूर्व आश्वासन को दोहराते हुए कहा कि प्रेस क्लब का भवन अब इतना सुव्यवस्थित हो चुका है कि पूरे देश में गर्व से कहा जा सकता है कि आगरा में भी एक सशक्त और सक्रिय ताज प्रेस क्लब है।

पत्रकारिता में गिरावट रोकना समय की मांग: योगेंद्र उपाध्याय

उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है, लेकिन जिस प्रकार अन्य क्षेत्रों में गिरावट देखने को मिली है, उसी प्रकार पत्रकारिता भी उससे अछूती नहीं रही।

उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होता है, इसलिए पत्रकारों को अपने गौरवशाली अतीत को स्मरण रखते हुए अपनी गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखनी होगी। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि अगर ताज प्रेस क्लब हर वर्ष अच्छे पत्रकार को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित करेगा तो वे इसमें 11 हजार रुपये का सहयोग करेंगे।

गैर पत्रकारों से सावधान रहने की जरूरत: पुरुषोत्तम खंडेलवाल

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि पत्रकारों को अपने बीच ऐसे लोगों की पहचान करनी होगी जो पत्रकारिता के नाम पर समाज और मीडिया दोनों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता बनाए रखने में ताज प्रेस क्लब जैसी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अतिथियों का स्वागत मनोज मिश्रा ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर किया।

हिंदी पत्रकारिता की 200 वर्षों की यात्रा पर हुआ चिंतन

संगोष्ठी में वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता के दो शताब्दियों के सफर पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने स्वतंत्रता आंदोलन, सामाजिक जागरण, जनचेतना और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। वक्ताओं ने कहा कि प्रिंट मीडिया से लेकर डिजिटल और सोशल मीडिया तक पत्रकारिता का स्वरूप बदला है, लेकिन निष्पक्षता और जनहित की मूल भावना आज भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान

समारोह में दिल्ली से आए वरिष्ठ पत्रकार राज कुमार सिंह, डॉ. प्रतीक मिश्र, राकेश आर्य, आशु सक्सेना, लखनऊ से गोलेश स्वामी तथा जयपुर से अभिषेक मेहरोत्रा को विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया। इसके अलावा ताज प्रेस क्लब से जुड़े लगभग 100 वरिष्ठ पत्रकारों को भी सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में कार्यकारिणी के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। क्लब के पूर्व अध्यक्षों का भी सम्मान किया गया।

वरिष्ठ पत्रकार राकेश आर्य ने ताज प्रेस क्लब के लिए 51 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। वहीं वरिष्ठ पत्रकार नेबिल स्मिथ ने अपने संदेश के माध्यम से प्रेस क्लब की लाइब्रेरी के लिए एक अलमारी उपलब्ध कराने की घोषणा की।

पत्रकारों के हितों के लिए निरंतर कार्य करेगा प्रेस क्लब

ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों, उनके पेशेवर विकास और पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन महासचिव विवेक जैन ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों, पत्रकारों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor