300 प्रतिभाओं का सम्मान, कुशवाह सद्भावना फाउंडेशन ने मेधाओं को दिया नई उड़ान का संबल

आगरा। प्रतिभाओं को सम्मान देकर समाज में शिक्षा और उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुशवाह सद्भावना फाउंडेशन द्वारा रविवार को उत्सव मैरिज होम, सुल्तानगंज की पुलिया पर तृतीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी विद्यार्थियों सहित शिक्षा, खेल, कला, विज्ञान एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली करीब 300 प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Jun 14, 2026 - 19:33
 0
300 प्रतिभाओं का सम्मान, कुशवाह सद्भावना फाउंडेशन ने मेधाओं को दिया नई उड़ान का संबल
उत्सव मैरिज होम, सुल्तानगंज की पुलिया पर आयोजित कुशवाह सद्भावना फाउंडेशन के तृतीय प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ मुख्य अतिथि एवं संस्था के पदाधिकारी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रतन सिंह कुशवाह (जीआईसी, रुद्रपुर, उत्तराखंड) ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज के मेधावी छात्र ही कल के राष्ट्र और समाज के भविष्य निर्माता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर परिश्रम करने का आह्वान करते हुए कहा कि सही दिशा में किया गया प्रयास हमेशा सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।

समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता दौजीराम कुशवाह ने की। उन्होंने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए संस्था द्वारा शिक्षा, सामाजिक उत्थान एवं समाजहित में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी।

संरक्षक मुन्नीलाल कुशवाह एवं सुरेन्द्र सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में संस्था के अध्यक्ष तुलाराम कुशवाह, उपाध्यक्ष राकेश कुशवाह एवं भगवान सिंह कुशवाह, महासचिव रंजीत कुशवाह, कोषाध्यक्ष संतोष कुशवाह, सचिव राजीव कुशवाह, विक्रम कुशवाह एवं सुरेन्द्र कुशवाह, विधिक सलाहकार जयपाल कुशवाह सहित महेन्द्र सिंह कुशवाह, विनोद कुशवाह, अजय कुशवाह, दीपक कुशवाह, लवकुश कुशवाह, महेश कुशवाह तथा संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor