छह राज्यों के 45 परिवारों ने आगरा के बुर्जीवाला मंदिर में किया सामूहिक एकादशी उद्यापन, हरि कीर्तन में डूबा पूरा परिसर

आगरा। ताजनगरी के प्रताप नगर स्थित बुर्जीवाला मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और सनातन परंपरा का भव्य संगम देखने को मिला, जहां छह राज्यों से आए 45 परिवारों ने सामूहिक रूप से एकादशी उद्यापन कर धार्मिक एकता और आस्था का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। दो दिवसीय इस आयोजन में हरि संकीर्तन की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।

Apr 27, 2026 - 20:41
 0
छह राज्यों के 45 परिवारों ने आगरा के बुर्जीवाला मंदिर में किया सामूहिक एकादशी उद्यापन, हरि कीर्तन में डूबा पूरा परिसर
आगरा के बुर्जीवाला मंदिर पर सोमवार को आयोजित सामूहिक एकादशी उद्यापन की एक झलक।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री अग्रवाल संघ के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, महामंत्री राजेश जिंदल और कोषाध्यक्ष राजीव अग्रवाल द्वारा गणेश वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत दिनेश अग्रवाल और शशिकांत अग्रवाल ने किया।

प्रथम दिन आचार्य दयाशंकर शर्मा ने 26 एकादशी अध्यायों का भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु हरि कीर्तन में डूब गए। आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों, यजमानों और ब्राह्मणों के लिए फलाहार की समुचित व्यवस्था की गई। मंच पर विराजमान लड्डू गोपाल जी के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ अर्जित किया।

मोहिनी एकादशी उद्यापन में दिल्ली, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से आए 45 दंपतियों ने सामूहिक रूप से भाग लिया। इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती दी, बल्कि सामाजिक समरसता का भी सशक्त संदेश दिया।

अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि एकादशी व्रत से जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सात्विकता का संचार होता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक उद्यापन के माध्यम से फिजूलखर्ची पर रोक लगाने और सनातन धर्म को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि मंगलवार को सुंदरकांड पाठ, व्यास पूजन और भोजन प्रसादी के साथ इस भव्य आयोजन का समापन होगा।

इस अवसर पर गौरव बंसल, प्रदीप सिंघल, राजीव फैंसी, संतोष अग्रवाल, मयंक मंगल, संदीप अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, रवि मंगल, रविशंकर बंसल, हिमांशु गर्ग, मोहन लाल गर्ग, प्रवीण अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, राजा अग्रवाल, राम अग्रवाल, अतुल गोयल, संदीप गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor