चंद घंटों बाद हैप्पी न्यू ईयर बोलने के लिए अपनी-अपनी तैयारियां  

आगरा। साल 2025 के आगमन में अब चंद घंटे ही बचे हैं। आज रात के 12 बजते ही हैप्पी न्यू ईयर बोलने के लिए हर कोई अपने-अपने स्तर से तैयारी किए बैठा है। शहर के सितारा होटलों से लेकर बजट होटलों तक ने नये साल की पार्टी के लिए विशेष पैकेज निकाले हैं। रेस्टोरेंट, बार भी आज रात गुलजार रहने वाले हैं। युवाओं में नए साल को लेकर कुछ ज्यादा ही उत्साह देखा जा रहा है। आगरा के बड़े होटलों की बात करें तो वहां अधिकांश रूम बुक हो चुके हैं। इन होटलों में नए साल की पार्टियों में डांस और अन्य कार्यक्रमों के लिए बाहर के कलाकारों को बुलाया गया है।

Dec 31, 2024 - 13:54
 0
चंद घंटों बाद हैप्पी न्यू ईयर बोलने के लिए अपनी-अपनी तैयारियां   

-कोई सितारा होटल बुक किए बैठा है तो किसी ने रेस्तरां को चुना है, रूपटॊफ रेस्टोरेंट भी रहेंगे गुलजार

-शहर के छोटे से लेकर बड़े मंदिरों में भी उमड़ेगी भीड़, तमाम घरों में पूजा पाठ का आयोजन भी रखा

दो-चार दिन पहले लग रहा था कि इस बार नई साल के मौके पर वैसी सर्दी नहीं होगी, जैसी कि पिछले सालों में हुआ करती थी, लेकिन साल 2024 के आखिरी दिन आते-आते सर्दी भी कंपकंपी पैदा करने लगी है। सर्द मौसम में न्यू ईयर पार्टी का अपना अलग ही आनंद है, इसी सोच के साथ युवाओं ने अपनी अलग ही तैयारियां कर रखी हैं। युवाओं के ग्रुप्स ने होटलों, रेस्तराओं और बार आदि में जाने की प्लानिंग की है।

आगरा वाले दिल्ली-एनसीआर का रुख कर रहे

शहर के धनाढय वर्ग के लोगों ने न्यू ईयर पार्टी के लिए दिल्ली की ओर भी रुख किया है जबकि दिल्ली और एनसीआर के लोगों ने बड़ी संख्या में आगरा के स्टार होटलों में बहुत पहले ही बुकिंग करा रखी है। आगरा के लोगों के लिए यहां के होटल आम हैं तो यही स्थित दिल्ली एनसीआर के लोगों की है। आगरा वालों को दिल्ली में नया मिलेगा तो दिल्ली एनसीआर के लोगों को आगरा में।

शहर के लोग तीर्थस्थलों के लिए निकल चुके

आगरा से बड़ी संख्या में लोग नये साल के मौके पर माता वैष्णो देवी, अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ और उज्जैन महाकाल के अलावा सिरडी में साईं बाबा के दर्शनों के लिए भी रवाना हो चुके हैं। ऐसे लोगों की भी कमी नहीं जो नया साल मनाने के लिए नैनीताल आदि पहाड़ी क्षेत्रों के लिए निकल चुके हैं। नये साल पर गिरिराज जी कि परिक्रमा, वृंदावन में बांके बिहारी, बरसाना में राधारानी के दर्शन के लिए भी लोग पहुंचेंगे।

न्यू ईयर पार्टी का मतलब कुछ लोगों के लिए ड्रिंक ही ज्यादा हो गया है। बड़े होटलों में तो बार संचालित होते ही हैं, रेस्तराओं और रूफटॊप रेस्टोरेंट ने भी न्यू ईयर पार्टी के लिए अस्थायी तौर पर बार के लाइसेंस ले लिए हैं। अब तक 50 से अधिक लाइसेंस लिए जा चुके हैं जबकि आज भी बहुत से रेस्टोरेंट्स की तरफ से बार लाइसेंस लेने के प्रयास किए जा रहे थे। 

पूजा-पाठ करने वाले भी कम नहीं

न्यू ईयर के मौके पर एक ओर पीने-पिलाने के शौकीनों का समूह है तो बड़ी संख्या ऐसे लोगों की भी है जो नये साल के मौके पर मंदिरों में जाने की प्लानिंग किए बैठे हैं। इसी लिहाज से शहर के प्रमुख मंदिरों में आने वाली भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। बहुत सारे परिवारों ने अपने घरों में पूजा-पाठ के आयोजन रखे हैं।

दिल्ली-एनसीआर से आते हैं बहुत लोग

आगरा में न्यू ईयर सेलिब्रेट करने के लिए देश के दिल्ली-एनसीआर के साथ की आसपास के शहरों, मथुरा, फिरोजाबाद, हाथरस और अलीगढ़ आदि से भी बहुत लोग आते हैं। इसकी वजह यहां बजट होटलों से लेकर सात सितारा होटलों की उपलब्धता होना है। आगरा के होटल दिल्ली-एनसीआर के होटलों के मुकाबले सस्ते पड़ते हैं, इसलिए दिल्ली, गुड़गांव, नोएडा और गाजियाबाद आदि के लोग भी नये साल के जश्न के लिए आगरा को प्राथमिकता में रखते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor