आगरा के बसई अरेला क्षेत्र में एक्सीडेंट, बाइक अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल
-नीरज परिहार- आगरा। जिले के थाना बसई अरेला क्षेत्र के ग्राम नगला भरी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक मोटरसाइकिल सवार तीन युवक हादसे का शिकार हो गए। अज्ञात वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल नंबर MP30MW 1732 (हीरो होंडा स्प्लेंडर) आगरा से बाह की ओर जा रही थी। बाइक पर तीन युवक सवार थे, तभी अचानक सामने आए अज्ञात वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे गहरे गड्ढे में गिर गया।
हादसे में तीन युवक घायल हुए, जिनकी पहचान इस प्रकार हुई- अखिलेश पुत्र बृजकिशोर रायकवार, उम्र लगभग 27 वर्ष, निवासी भिंड (मध्य प्रदेश), सूरज उर्फ राज पुत्र दिनेश राठौर, निवासी भिंड सिटी, थाना सिटी, जिला भिंड (मध्य प्रदेश) और शान पुत्र याकूब, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी मोहल्ला बॉर्डर, भिंड (मध्य प्रदेश)।
घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। जहां से सूरज उर्फ राज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिनाहट ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं अखिलेश और शान को एचएस हॉस्पिटल फतेहाबाद रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बसई अरेला पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को दूरभाष के माध्यम से सूचना दे दी है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और किसी प्रकार की लॉ एंड ऑर्डर की समस्या नहीं है।
थानाध्यक्ष थाना बसई अरेला कमिश्नरेट आगरा ने बताया कि डायल 112 से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। बाइक सवार तीनों युवक हादसे में घायल हुए थे, जिनमें एक की मौत हो गई और दो का इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ।