एक-एक कर सलाखों के पीछे पहुंच रहे आरोपी, प्रधान अविनाश हत्याकांड में चौथा आरोपी गिरफ्तार

आगरा के थाना जैतपुर क्षेत्र में प्रधानी चुनाव की रंजिश में हुई अविनाश यादव की हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पूर्वी जोन पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी की संयुक्त टीम ने वांछित आरोपी गोलू यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। इससे पहले पुलिस इंद्राराज सहित तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामले में शेष आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Jun 11, 2026 - 17:37
 0
एक-एक कर सलाखों के पीछे पहुंच रहे आरोपी, प्रधान अविनाश हत्याकांड में चौथा आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपी गोलू यादव।

आगरा। आगरा में प्रधानी चुनाव की रंजिश को लेकर हुए चर्चित अविनाश यादव हत्याकांड में पुलिस लगातार आरोपियों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में थाना जैतपुर पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी की संयुक्त टीम ने हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी गोलू यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कमतरी यमुना ब्रिज के पास से  दबोच लिया। वह मध्य प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है।

बताया जा रहा है कि अविनाश यादव की हत्या प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। घटना के दिन आरोपियों ने पहले वाहन को टक्कर मारी और उसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर अविनाश यादव की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

इस मामले में पुलिस इससे पहले आरोपी इंद्राराज पुत्र राजवीर सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है। वहीं दो अन्य आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब गोलू यादव की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मामले में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड में नामजद एवं फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा कर दिया जाएगा। थाना जैतपुर क्षेत्र के शाहपुर गुर्जर मार्ग पर हुई इस कार्रवाई को पुलिस ने हत्याकांड की जांच में अहम सफलता बताया है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।