थाना प्रभारी बदलते ही दिखा एक्शन, 24 घंटे में नाबालिग का अपहरण करने वाला दरिंदा जयपुर से दबोचा गया

आगरा के थाना खेरागढ़ क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 21 मार्च 2026 को दर्ज मुकदमे में थाना खेरागढ़ पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी देवराज उर्फ तेजसिंह को जयपुर के माली की बस्ती, थाना संजय सर्किल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया गया है। आरोपी भरतपुर, राजस्थान का निवासी है और उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। खास बात यह रही कि शनिवार को ही नए थाना प्रभारी बने हरीश शर्मा ने चार्ज संभालते ही 24 घंटे के भीतर यह बड़ी सफलता दिलाई।

Mar 30, 2026 - 23:05
 0
थाना प्रभारी बदलते ही दिखा एक्शन, 24 घंटे में नाबालिग का अपहरण करने वाला दरिंदा जयपुर से दबोचा गया
इमेज फोटो

बच्ची सकुशल बरामद, हरीश शर्मा की कमान में खेरागढ़ पुलिस ने रचा ऑपरेशन सफलता का नया रिकॉर्ड

आगरा। थाना खेरागढ़ पुलिस ने अपनी तेज, सटीक और सराहनीय कार्रवाई से एक बार फिर साबित कर दिया कि यदि नेतृत्व मजबूत हो तो अपराधी कितनी भी दूर भाग जाए, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकता। नाबालिग बालिका के अपहरण के सनसनीखेज मामले में थाना खेरागढ़ पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर मुख्य आरोपी देवराज उर्फ तेजसिंह को जयपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार कर लिया। इतना ही नहीं, पुलिस ने अपहृता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को राहत की सांस दी है।

यह मामला 21 मार्च 2026 को थाना खेरागढ़ में दर्ज हुआ था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी जयपुर के माली की बस्ती, थाना संजय सर्किल क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए दबिश दी और आरोपी को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवराज उर्फ तेजसिंह, निवासी जनपद भरतपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

थाने में बदलाव और 24 घंटे में बड़ा रिजल्ट 

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे उल्लेखनीय पहलू यह रहा कि शनिवार को ही थाना खेरागढ़ में प्रभार परिवर्तन हुआ था और तेज-तर्रार पुलिस अधिकारी हरीश शर्मा को नया थाना प्रभारी बनाया गया। चार्ज संभालते ही उन्होंने स्पष्ट संदेश दे दिया कि खेरागढ़ में अब अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।

सिर्फ 24 घंटे के भीतर उनकी अगुवाई में पुलिस टीम ने इस संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण मामले का सफल खुलासा कर आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई न केवल पुलिस की सक्रियता का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि हरीश शर्मा की कमान में खेरागढ़ पुलिस आक्रामक मोड में काम कर रही है।

हरीश शर्मा पहले भी अपनी कार्यशैली और साहसिक पुलिसिंग के लिए जाने जाते रहे हैं। वह ताजगंज क्षेत्र में बच्ची की हत्या के आरोपी को तलाश कर मुठभेड़ में ढेर करने वाली टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। ऐसे में खेरागढ़ में उनकी तैनाती के बाद यह ताबड़तोड़ सफलता क्षेत्रीय अपराधियों के लिए साफ चेतावनी मानी जा रही है।

पुलिस की सराहनीय कार्यशैली बनी मिसाल

इस कार्रवाई में थाना खेरागढ़ पुलिस और सर्विलांस टीम की सजगता, तकनीकी दक्षता और त्वरित समन्वय खुलकर सामने आया। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने इसे अत्यधिक गंभीरता से लिया और समय गंवाए बिना अंतरराज्यीय स्तर पर कार्रवाई कर बच्ची को सुरक्षित बरामद किया। ऐसे मामलों में अक्सर समय सबसे बड़ा फैक्टर होता है, लेकिन खेरागढ़ पुलिस ने यह साबित कर दिया कि तत्परता, रणनीति और मजबूत नेतृत्व के दम पर न केवल आरोपी को पकड़ा जा सकता है, बल्कि पीड़िता को भी सुरक्षित वापस लाया जा सकता है।