द एडवोकेट एसोसिएशन आगरा की सर्वसम्मति से चुनी गई कार्यकारिणी, गोविंद शरण बघेल अध्य़क्ष बने
आगरा। दीवानी कचहरी स्थित अधिवक्ता भवन में मंगलवार को द एडवोकेट एसोसिएशन आगरा के वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुए। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल से संबद्ध संस्था के इस चुनाव में अधिवक्ताओं ने अभूतपूर्व एकजुटता का परिचय देते हुए पूरी कार्यकारिणी को निर्विरोध चुन लिया। अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ अधिवक्ता गोविंद शरण बघेल को सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ता हितों, न्यायिक गरिमा और बार की मजबूती के लिए संघर्ष का संकल्प लिया।
एल्डर कमेटी की निगरानी में संपन्न हुआ चुनाव
चुनाव अधिकारी एवं एल्डर कमेटी की देखरेख में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के मॉडल बायलॉज के नियमों के अधीन चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई गई। अधिवक्ता भवन, मस्जिद के पास दीवानी कचहरी परिसर में आयोजित चुनाव में बार के समस्त सदस्यों ने सहभागिता की और एकमत से पूरी कार्यकारिणी का समर्थन किया।
ये बने बार एसोसिएशन के नए पदाधिकारी
निर्विरोध चुनी गई कार्यकारिणी में गोविंद शरण बघेल को अध्यक्ष, विष्णु कुमार सक्सेना को सचिव, विशाल सिंह तोमर को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर लोकेश कुमार शर्मा, अमित सिंह, श्रीभगवान शर्मा और नरेंद्र पाल सिंह चुने गए।
कोषाध्यक्ष पद पर विनोद कुमार एडवोकेट को जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि संयुक्त सचिव पद पर संदीप कुमार यादव, सौरभ बघेल, विनय कुमार शर्मा, लायक वर्मा, रामबाबू शर्मा, राजेश कुमार और आरती अग्रवाल को मनोनीत किया गया।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कुलदीप सिंह, आयुष गौड़, मन्नू श्रीवास्तव, महेंद्र सिंह, तेजस्विनी अग्रवाल और कुमारी सविता को शामिल किया गया।
नियुक्ति प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
संस्था के संरक्षक अरुण पचौरी एडवोकेट, एल्डर कमेटी अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता एडवोकेट तथा एल्डर कमेटी सदस्य विजय वर्मा एडवोकेट एवं विजयपाल सिंह यादव एडवोकेट ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए। इसके बाद माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत किया गया।
समारोह में राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा, महासचिव राजेंद्र गुप्ता, धीरज, हरजीत अरोड़ा, देवेंद्र वर्मा, बीएस फौजदार, नारायण सिंह, एमपी सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे। सभी ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए अधिवक्ता एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।
अधिवक्ता हितों की लड़ाई को और तेज करने का ऐलान
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोविंद शरण बघेल ने कहा कि बार एसोसिएशन अधिवक्ताओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था की रीढ़ है और उसके हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।