आजम खान से मिलने के बाद अखिलेश ने कहा, हम उनका सपना पूरा करेंगे, उनके साथ बहुत अन्याय हुआ

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात की. मुलाकात के बाद अखिलेश ने बीजेपी पर भी जुबानी हमले किए।

Oct 22, 2026 - 20:12
 0
आजम खान से मिलने के बाद अखिलेश ने कहा,  हम उनका सपना पूरा करेंगे,  उनके साथ बहुत अन्याय हुआ


लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर में आजम खान से मुलाकात के बाद बड़ा दावा किया। पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि हम लोग आजम खान का सपना पूरा करेंगे।

सपा चीफ ने कहा कि आजम खान का जो सपना था, पढ़ाई लिखाई को लेकर के और भविष्य बनाने के लिए था, वो सपना पूरा करने का काम समाजवादी लोग करेंगे।

कन्नौज के सांसद अखिलेश यादव ने कहा, मैं आजम खान साहब से मिलकर आ रहा हूं। आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे। किसी राजनीतिक परिवार के साथ इतना अन्याय नहीं हुआ होगा, जितना आजम खान साहब के परिवार के साथ हुआ है। अन्याय करने वाले कौन हैं? उन पर झूठे आरोप लगाए गए।

उन्होंने कहा, इतने वर्षों तक वह जेल में रहे। सच्चाई यह है कि भारतीय जनता पार्टी को न पढ़ाई-लिखाई से कोई लेना-देना है और न ही इल्म से। उन्हें विश्वविद्यालय की भी कोई चिंता नहीं है। विश्वविद्यालय को जिस तरह बर्बाद किया गया है, उसके पीछे साजिश और षड्यंत्र रचा गया। शायद शिक्षा के क्षेत्र को बर्बाद करने के लिए किसी सरकार या तानाशाह सरकार ने इतना कुछ नहीं किया होगा।

अखिलेश यादव ने कहा, फर्जी मुकदमे लगाए गए हैं। फर्जी मुकदमों में इतनी ताकत नहीं है कि वे किसी को कैद करके रख सकें। समय लग सकता है, थोड़ी देरी हो सकती है, लेकिन फर्जी मुकदमों में इतनी ताकत नहीं है कि वे सच्चाई को कैद करके रख सकें।

उन्होंने कहा, हम पहली बार रामपुर नहीं आए हैं। समाजवादी पार्टी और हम लोगों का यहां से जो रिश्ता है, वह राजनीतिक तो है ही, लेकिन भावनात्मक रिश्ता भी है।

सपा चीफ ने कहा, जो षड्यंत्रकारी होते हैं और दूसरों को परेशान करते हैं। उनके मन में हमेशा यह डर बना रहता है कि सच्चाई कभी न कभी उजागर होगी, जो लोग सच्चाई जानते हैं, वे जानते होंगे कि एक न एक दिन सच्चाई सामने आनी ही है। जब सच्चाई उजागर होगी, तो उन्हें समाज, देश और कानून के सामने जवाब देना पड़ेगा।

रामपुर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, रामपुर जैसी जगह पर रामराज्य की जो भावना रही है, उसे मार दिया गया है। रामपुर नाम ही रामपुर है. यहां रामराज्य की भावना को किस तरह कुचला और मारा जा रहा है, यह आपसे बेहतर कौन जानता होगा।

अखिलेश यादव ने कहा, आजम खान साहब और समाजवादी पार्टी चाहते हैं कि सामाजिक न्याय का राज आए। हम उसी दिशा में काम कर रहे हैं। फर्जी मुकदमे लगाने के लिए भ्रष्ट अधिकारी हथियार बनते हैं। भ्रष्ट अधिकारी हथियार बन रहे हैं और अब तो धीरे-धीरे अधिकारी भी इनका साथ छोड़ रहे हैं।