आगराः गोवंश चोरी में वांछित दो बदमाशों से अछनेरा पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में गोली लगी, दोनों गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद

आगरा। आगरा पुलिस कमिश्नरेट के थाना अछनेरा क्षेत्र में गोवंश चोरी की घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया। पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

May 27, 2026 - 09:38
 0
आगराः गोवंश चोरी में वांछित दो बदमाशों से अछनेरा पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में गोली लगी, दोनों गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद
थाना अछनेरा क्षेत्र में मुठभेड़ में गोली लगने से घायल बदमाश पुलिस के कब्जे में।

पुलिस के अनुसार थाना अछनेरा क्षेत्र में हुई गोवंश चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी क्रम में 26 और 27 मई 2026 की रात्रि में एक बजे पुलिस टीम सांधन तिराहे के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। तभी गल्ला मंडी की ओर से दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा उन्हें रुकने का इशारा कर पूछताछ करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों बदमाशों ने अचानक पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया और भागने लगे।

अचानक हुई फायरिंग से पुलिसकर्मी हड़बड़ा उठे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मोर्चा संभाला और आत्मसुरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान निजामुद्दीन उर्फ नुईया पुत्र हुकूमुदीन के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी रिहान पुत्र अबरार को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। दोनों अपराधियों ने गोवंश चोरी की घटना में संलिप्तता स्वीकार की है। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। वहीं मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और गोवंश चोरी की घटना सहित अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इस पूरे घटनाक्रम पर सहायक पुलिस आयुक्त अछनेरा शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि गोवंश चोरी की घटना के बाद पुलिस लगातार सक्रिय थी। चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ और दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद हथियार और कारतूस को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor