आगरा बनेगा देश के हुनर का अखाड़ा: 11 से 14 मार्च तक उत्तर क्षेत्रीय स्किल प्रतियोगिता, 9 राज्यों के 350 से अधिक युवा दिखाएंगे दम

आगरा में 11 से 14 मार्च तक आयोजित होने जा रही उत्तर क्षेत्रीय स्किल प्रतियोगिता देश के कुशल युवाओं के लिए बड़ा मंच बनने जा रही है। केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय की पहल पर होने वाली इस प्रतियोगिता में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 350 से अधिक प्रतिभागी 41 कौशल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Mar 6, 2026 - 21:59
 0
आगरा बनेगा देश के हुनर का अखाड़ा: 11 से 14 मार्च तक उत्तर क्षेत्रीय स्किल प्रतियोगिता, 9 राज्यों के 350 से अधिक युवा दिखाएंगे दम

आगरा। केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय द्वारा इंडिया स्किल्स कंपटीशन 2025–26 के अंतर्गत नॉर्थ रीजनल स्किल कंपटीशन आगामी 11 से 14 मार्च तक आगरा में आयोजित किया जा रहा है।

सांसद राज कुमार चाहर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने उन्हें एक पत्र के माध्यम से इस बारे में जानकारी दी है।

सांसद चाहर को भेजे गये पत्र में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने बताया है कि यह क्षेत्रीय प्रतियोगिता हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सहित केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़ और लद्दाख से आए प्रतिभाशाली और कुशल युवाओं को एक मंच पर लाएगी। प्रतियोगिता में 41 ऑन-साइट कौशल स्पर्धाओं में 350 से अधिक प्रतिभागी अपनी दक्षता और तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता में निर्माण, ऑटोमोबाइल, सूचना प्रौद्योगिकी एवं आईटी सेवाएं, परिधान, खुदरा व्यापार, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य संबंधित क्षेत्रों के कौशल शामिल होंगे। इन क्षेत्रों में युवा अपनी तकनीकी योग्यता, नवाचार और कार्यकुशलता का प्रदर्शन करेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार 11 मार्च को अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक सूरसदन प्रेक्षागृह में उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 12 और 13 मार्च को बीएसएनएल ग्राउंड पर विभिन्न कौशल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 14 मार्च को बीएसएनएल ग्राउंड पर ही समापन समारोह के साथ इस आयोजन का समापन किया जाएगा।

यह द्विवार्षिक इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय द्वारा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के माध्यम से आयोजित की जाती है। यह देश का प्रमुख मंच है, जिसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण कौशल रखने वाले युवाओं की पहचान करना, उनके कौशल का मानकीकरण करना और उन्हें विकसित व प्रोत्साहित करना है।

राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं की यह व्यवस्थित प्रक्रिया अंततः वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता शंघाई 2026 में भारत की भागीदारी तक पहुंचती है, जहां देश के सर्वश्रेष्ठ युवा वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor