लोक भवन में आगरा कॉलेज का परचमः राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने की भूरि-भूरि प्रशंसा, नैक में A++ ग्रेड का जताया भरोसा

आगरा। देश के सर्वाधिक प्राचीन महाविद्यालयों में शामिल आगरा कॉलेज ने एक बार फिर अपनी शैक्षिक गरिमा और गौरव का परचम लोक भवन तक लहरा दिया। उत्तर प्रदेश की कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित विश्वविद्यालयों एवं संबद्ध महाविद्यालयों की राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक में आगरा जनपद के समस्त महाविद्यालयों का प्रतिनिधित्व करने का गौरव आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीके गौतम को प्राप्त हुआ। इस दौरान प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय सहित उच्च शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

May 12, 2026 - 22:12
 0
लोक भवन में आगरा कॉलेज का परचमः राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने की भूरि-भूरि प्रशंसा, नैक में A++ ग्रेड का जताया भरोसा
लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में आगरा कॊलेज की पत्रिका वाणी का विमोचन करतीं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल। साथ हैं मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, कुलपति प्रो. आशू रानी और प्राचार्य प्रो. सीके गौतम।

लोक भवन के सभागार में आयोजित इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में प्राचार्य डॉ. सीके गौतम ने लगभग बीस मिनट की प्रभावशाली और बहुआयामी प्रस्तुति देकर आगरा कॉलेज की गौरवगाथा, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को विस्तार से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति इतनी प्रभावशाली रही कि राज्यपाल से लेकर उच्च शिक्षा विभाग के शीर्ष अधिकारी तक आगरा कॉलेज की प्रशंसा करने को विवश हो गए।

प्राचार्य डॉ. सीके गौतम ने अपनी पावर प्वाइंट प्रस्तुति में आगरा कॉलेज के गौरवमयी इतिहास, राष्ट्रनिर्माण में उसके राजनीतिक और सामाजिक योगदान, भौतिक एवं शैक्षिक अवस्थापनाओं, वर्तमान में किए जा रहे नवाचारों, पुनरुद्धार कार्यों तथा भविष्य की परियोजनाओं और संकल्पनाओं को क्रमबद्ध ढंग से रखा। उन्होंने बताया कि वर्ष 1823 से स्थापित यह संस्थान केवल एक कॉलेज नहीं, बल्कि देश की शैक्षिक चेतना और सामाजिक परिवर्तन का सशक्त केंद्र रहा है।

प्रस्तुति के दौरान आगरा कॉलेज की शैक्षिक उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने महाविद्यालय को नैक मूल्यांकन में A++ ग्रेड दिलाने के लिए चल रहे प्रयासों का भी खाका प्रस्तुत किया। इस पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने खुलकर सराहना की और विश्वास जताया कि आगरा कॉलेज भविष्य में निश्चित रूप से A++ ग्रेड हासिल करेगा।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सीके गौतम ने महाविद्यालय की प्रतिष्ठित पत्रिका वाणी के विशेष द्विशताब्दी अंक की प्रतियां राज्यपाल, उच्च शिक्षा मंत्री तथा उपस्थित सभी महानुभावों को भेंट कीं। राज्यपाल ने पत्रिका का अवलोकन करते हुए इसकी विषयवस्तु, शैक्षिक गुणवत्ता और सांस्कृतिक प्रस्तुति की विशेष प्रशंसा की।

प्राचार्य डॉ. सीके गौतम ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरे कॉलेज परिवार को देते हुए कहा कि राजभवन में जो सम्मान और यश प्राप्त हुआ है, वह शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, निष्ठा और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से पावर प्वाइंट प्रस्तुति तैयार करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के योगदान की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि राज्यपाल और मंत्री द्वारा व्यक्त किया गया विश्वास महाविद्यालय के लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। अब पूरे कॉलेज परिवार को और अधिक ऊर्जा, एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ नैक के  A++ के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना होगा।

SP_Singh AURGURU Editor