आगरा कॉलेज में राजनीति विज्ञान और बॉटनी विभाग की प्रैक्टिकल परीक्षाओं का शेड्यूल जारी
आगरा। उच्च शिक्षा के प्रमुख केंद्र आगरा कॉलेज में आगामी सेमेस्टर की प्रयोगात्मक परीक्षाओं को लेकर बड़ी घोषणा कर दी गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी विद्यार्थियों के भविष्य पर भारी पड़ सकती है। प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम द्वारा जारी सूचना के अनुसार राजनीति विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान विभाग की प्रैक्टिकल और रिसर्च प्रोजेक्ट परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है, जिसमें सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम ने निर्देश देते हुए कहा है कि सभी विद्यार्थी अपने प्रवेश-पत्र, रिसर्च प्रोजेक्ट और आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित हों। वायवा से पहले अपने सुपरवाइज़र के हस्ताक्षर कराना अनिवार्य रहेगा, अन्यथा परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
राजनीति विज्ञान विभाग का कार्यक्रम
राजनीति विज्ञान विभाग की प्रभारी प्रोफेसर मृणाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि एन.ई.पी. के अंतर्गत एम.ए. और बी.ए. के विद्यार्थियों के रिसर्च प्रोजेक्ट वायवा निम्न तिथियों पर आयोजित होंगे—
एम.ए. तृतीय सेमेस्टर – 08 मई 2026 (शुक्रवार)
एम.ए. चतुर्थ सेमेस्टर – 09 मई 2026 (शनिवार)
बी.ए. षष्ठम सेमेस्टर – 11 मई 2026 (सोमवार)
ये सभी परीक्षाएं राजनीति विज्ञान विभाग, आगरा कॉलेज परिसर में ही सम्पन्न कराई जाएंगी।
वनस्पति विज्ञान विभाग का कार्यक्रम
वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रभारी प्रोफेसर श्याम गोविंद सिंह के अनुसार प्रैक्टिकल एवं रिसर्च परीक्षाओं का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा—
बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर प्रैक्टिकल – 07 मई 2026
बी.एससी. षष्ठम सेमेस्टर प्रैक्टिकल – 09 मई 2026
बी.एससी. षष्ठम सेमेस्टर रिसर्च प्रोजेक्ट – 08 मई 2026
एम.एससी. अष्टम सेमेस्टर प्रैक्टिकल एवं रिसर्च प्रोजेक्ट – 11 मई 2026
मीडिया प्रभारी प्रोफेसर गौरव कौशिक ने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि परीक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतें। समय की पाबंदी, अनुशासन और पूर्ण तैयारी के साथ ही परीक्षा में शामिल हों, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।