माथुर वैश्य महासभा के अभियान में आगरा मंडल ने जुटाया 500 यूनिट रक्त, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने दिया नेत्रदान, देहदान अंगदान के प्रति जागरूकता पर जोर
आगरा। मानव सेवा के संकल्प के साथ अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के राष्ट्रीय रक्तदान अभियान के तहत रविवार को पंचकुइया स्थित माथुर वैश्य भवन में दसवें राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने रक्तदान को सबसे बड़ा जीवनदान बताते हुए समाज से नेत्रदान, अंगदान और देहदान जैसे महादानों के प्रति भी जागरूक होने का आह्वान किया। अभियान के तहत आगरा मंडल में अब तक लगभग 500 यूनिट रक्त का संचय किया जा चुका है।
शिविर को संबोधित करते हुए प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है। यदि समाज के अधिक से अधिक लोग नियमित रूप से रक्तदान करें तो अस्पतालों में रक्त की कमी की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के साथ-साथ अंगदान, नेत्रदान और देहदान जैसी सेवाओं के प्रति भी समाज में व्यापक जागरूकता की आवश्यकता है। उन्होंने अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा द्वारा चलाए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक अभियान बताया।
मंडल मंत्री सत्यप्रकाश गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश गुप्ता 'मामा' के आह्वान पर महासभा द्वारा पूरे देश में 80 रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य विभिन्न अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और जरूरतमंद मरीजों की मदद करना है।
उन्होंने बताया कि आगरा मंडल में कुल आठ रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मंडल का लक्ष्य 700 यूनिट रक्त संग्रह करने का रखा गया है, जिसमें अब तक लगभग 500 यूनिट रक्त एकत्रित किया जा चुका है। अभियान का अंतिम शिविर 26 जुलाई को एत्मादपुर में आयोजित होगा, जिसके बाद निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में अतिथि गृह मंत्री मनोज गुप्ता ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज सेवा के ऐसे अभियान निरंतर चलते रहने चाहिए।
इस अवसर पर मंडल कोषाध्यक्ष मुकेश गुप्ता, उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, श्रीमोहन रेपुरिया, वीरेन गुप्ता, संजय गुप्ता, राकेश गुप्ता (कॉन्ट्रैक्टर), विनोद गुप्ता सर्राफ, आदित्य गुप्ता, अशोक गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, विष्णु गुप्ता, संदीप गुप्ता, विनय गुप्ता, धीरज गुप्ता, नीरा गुप्ता, शालिनी गुप्ता, आकांक्षा गुप्ता, पद्मा गुप्ता सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।