फाल्गुन की फुहारों में सराबोर आगरा: श्याम दरबार में टॉफी-चॉकलेट की होली, श्रीकृष्ण संकीर्तन और पुष्पवर्षा से गूंजा भक्ति उल्लास

आगरा। फाल्गुन मास के पावन अवसर पर आगरा भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक रंगों में रंगा नजर आ रहा है। शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्याम बाबा और श्रीकृष्ण भक्ति से जुड़े आयोजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कहीं टॉफी-चॉकलेट की अनोखी होली खेली गई तो कहीं पुष्पवर्षा और संकीर्तन के बीच ‘हरे कृष्ण’ का महामंत्र गूंजता रहा। इन आयोजनों ने यह स्पष्ट कर दिया कि फागुन केवल पर्व नहीं, बल्कि आस्था और आनंद का महाउत्सव है।

Feb 26, 2026 - 21:27
 0
फाल्गुन की फुहारों में सराबोर आगरा: श्याम दरबार में टॉफी-चॉकलेट की होली, श्रीकृष्ण संकीर्तन और पुष्पवर्षा से गूंजा भक्ति उल्लास
फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत खाटू श्याम मंदिर और अन्य आयोजनों की एक झलक।

जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में फागुन महोत्सव के चतुर्थ दिवस श्याम दरबार में टॉफी और चॉकलेट की होली आकर्षण का केंद्र रही। श्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार ट्रॉफियों, रंग-बिरंगी चॉकलेटों और मनोहारी नीले पुष्पों से किया गया, जिसने दरबार को दिव्य स्वरूप प्रदान किया। संकीर्तन की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालुओं ने श्याम नाम का गुणगान करते हुए अनूठी होली का आनंद लिया।

मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल ने बताया कि रंग भरनी एकादशी पर गुलाल की होली खेली जाएगी, जिसकी व्यवस्थाएं संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल व अमित गोयल संभाल रहे हैं।

वेलनेस क्लब ने खेली फूलों की होली

वहीं एमजी रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में वेलनेस क्लब द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण धुन वेलनेस कॉन्सर्ट में फूलों की होली के साथ भक्ति, संगीत और आनंद का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक श्रीकृष्ण नाम जप से हुआ। पुष्पवर्षा के बीच राधे-राधे के उद्घोष और रॉक शैली में प्रस्तुत आधुनिक कृष्ण भजनों ने युवाओं को भी भक्ति से जोड़ा। आयोजन का संचालन कीर्ति खंडेलवाल व दिव्या गुप्ता ने किया। इस अवसर पर गौरव खंडेलवाल, मीनाक्षी किशोर, अनीशा, डॉ. अंशिका सरकार, आयुषी, पीयूष वाधवानी, डिंपल राज, विवान, रिशांत सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

ताजगंज के खाटू श्याम मंदिर में टॊफी चॊकलेट की होली

इसी क्रम में कटरा जोगीदास, ताजगंज स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम जी मंदिर में फाल्गुन मेला महोत्सव के तीसरे दिन टॉफी और चॉकलेट की होली खेली गई। अध्यक्ष राजू गोयल ने बताया कि मंदिर में सुगंधित फूल बंगला सजाया गया और प्रसाद स्वरूप भक्तों को टॉफी-चॉकलेट वितरित की गई। बच्चों के साथ महिलाएं भी झोलियां फैलाए चॉकलेट पाने को उत्साहित दिखीं। संयोजक अनूप अग्रवाल ने जानकारी दी कि शुक्रवार को श्याम बाबा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 1100 निशान, झांकियां और ढोल-नगाड़े शामिल होंगे। श्याम बाबा का श्रृंगार महंत पिंटू मिश्रा ने किया। इस अवसर पर सचिव मयंक अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, परिवेश अग्रवाल, राजेश गुप्ता, विकास वर्मा, अंकित अग्रवाल, अनुज खंडेलवाल, शिवम शर्मा, बॉबी, भूलाखीदास राठौर, सौरभ, अरुण सहित अनेक श्याम प्रेमी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor