योगमय हुआ आगरा: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों लोगों ने एकलव्य स्टेडियम में किया सामूहिक योग, गूंजा स्वास्थ्य का संदेश, शहरभर के पार्कों में भी लगे योग शिविर

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को आगरा पूरी तरह योगमय नजर आया। मुख्य कार्यक्रम सुबह छह बजे एकलव्य स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और हजारों नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। शहर के विभिन्न पार्कों, संस्थानों और सामाजिक संगठनों द्वारा भी योग शिविर आयोजित किए गए, जिनमें लोगों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और निरोग रहने का संदेश दिया गया।

Jun 21, 2026 - 08:01
Jun 21, 2026 - 21:55
 0
योगमय हुआ आगरा: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों लोगों ने एकलव्य स्टेडियम में किया सामूहिक योग, गूंजा स्वास्थ्य का संदेश, शहरभर के पार्कों में भी लगे योग शिविर
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एकलव्य स्टेडियम में योग करते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबीरानी मौर्य, महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान, सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रदीप भाटी, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाधिकारी मनीष बंसल और अन्य।

एकलव्य स्टेडियम में योगाभ्यास कराते प्रशिक्षक।

आगरा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को ताजनगरी पूरी तरह योगमय नजर आई। शहर के प्रमुख मैदानों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर सुबह से ही योग साधकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मुख्य समारोह सुबह छह बजे एकलव्य स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती बेबीरानी मौर्य, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, आगरा जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रदीप भाटी, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जनपद हेतु नामित नोडल अधिकारी आईएएस हरिओम, जिलाधिकारी मनीष बंसल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और हजारों नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

सुबह छह बजे से उमड़ा जनसैलाब

एकलव्य स्टेडियम में योग दिवस को लेकर सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। निर्धारित समय पर योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास प्रारंभ हुआ। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कर योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

एकलब्य स्टेडियम में आयोजित योग कार्यक्रम में मौजूद शहरवासी। 

योग प्रशिक्षकों ने कराया सामूहिक अभ्यास

योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियां कराईं। उन्होंने बताया कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास का भी सशक्त माध्यम है।

शहर के पार्कों और संस्थानों में भी योग की धूम

मुख्य कार्यक्रम के अलावा शहर के विभिन्न पार्कों, आवासीय कॉलोनियों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों तथा सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा भी विशेष योग शिविर आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।

योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं

योग दिवस के अवसर पर संदेश दिया गया कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग सबसे प्रभावी उपाय बनकर उभरा है। नियमित योग से अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है तथा व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

स्वस्थ भारत का दिया संदेश

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज का संदेश दिया गया। हजारों लोगों की सहभागिता ने यह साबित कर दिया कि योग अब केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि जन-जन की जीवनशैली बनता जा रहा है।

योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर, इसे जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व : सांसद नवीन जैन

 

खंदौली में योग दिवस पर योगाभ्यास करते सांसद नवीन जैन व अन्य।

आगरा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर खंदौली स्थित श्री केशव बलिराम हेडगेवार स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाजीपुर खेड़ा में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में वैश्विक पहचान मिली और आज दुनिया के अनेक देशों में इसे उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। योग आज भारत की सांस्कृतिक पहचान के साथ स्वस्थ जीवनशैली का वैश्विक प्रतीक बन चुका है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। सांसद ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संयोजक एवं युवा ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, समाजसेवी पूरन डावर, ग्राम विकास अधिकारी विजय अग्रवाल, महानगर मंत्री मुकेश गुप्ता, अनिल सारस्वत, सुभाष ढल, रोहित श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor