कृष्ण भक्ति में रंगा आगरा, नंदोत्सव से लेकर चित्रकला तक दिखी ब्रज संस्कृति की मनोहारी छटा

आगरा। शहर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की उमंग नंदोत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और चित्रकला के जरिए देखने को मिली। अलग-अलग आयोजनों में कहीं श्याम बाबा की भक्ति के बीच ब्रज नृत्य और धार्मिक झांकियों ने मन मोहा, तो कहीं राधा-कृष्ण और मैया यशोदा के रूप में सजी महिलाओं व बच्चों ने उत्सव को जीवंत किया। वहीं चित्रकला के माध्यम से स्कूली विद्यार्थियों ने कान्हा से जुड़े भावों और कल्पनाओं को कैनवास पर उतारा। इन आयोजनों में भक्ति के साथ ब्रज की लोकसंस्कृति, कला और संस्कारों की झलक दिखाई दी।

Sep 6, 2026 - 19:16
 0
कृष्ण भक्ति में रंगा आगरा, नंदोत्सव से लेकर चित्रकला तक दिखी ब्रज संस्कृति की मनोहारी छटा
अग्रवाल संगठन रामबाग के नंदोत्सव में मौजूद महिलाएं।

राधारानी और कृष्ण कन्हैया के जयकारों से गूंजा नंदोत्सव

अग्रवाल संगठन रामबाग की ओर से वॉटरवर्क्स चौराहा स्थित अतिथिवन में नंदोत्सव मनाया गया। राधारानी और कृष्ण कन्हैया के जयकारों के बीच बधाई गीत गाए गए। मटकी सज्जा, राधा-कृष्ण नृत्य, प्रश्नोत्तरी, लकी ड्रा और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं में महिलाओं और बच्चों ने उत्साह से भाग लिया।

मुख्य समाजसेवी नितेश अग्रवाल और राजेश खुराना ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अध्यक्ष निशा सिंघल ने कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार देने और उन्हें अपनी संस्कृति से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं।

प्रतिभागियों ने राधा-कृष्ण, मैया यशोदा और कृष्ण भक्ति से जुड़े गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रसाद की टोकरी प्रदान की गई।

कार्यक्रम संयोजक ज्हानवी सिंघल के साथ रेनू, रजनी, बबिता, सुनीता, प्रिया, कोमल, अमिता, बबिता, जूही, जूली, अर्चना, रेखा, अंजली, कृष्णा, माला, अनुराधा आदि मौजूद रहीं।

58 विद्यार्थियों ने चित्रों में उतारे कान्हा के रंग

चित्रकला के रंग कान्हा जी के संग’ में कान्हा की छवि को रंगों में उतारने वाले छात्र-छात्राएं और अतिथिगण।

संस्कार भारती आगरा महानगर और ग्लोबल संस्कार स्कूल की ओर से साकेत कॉलोनी स्थित श्री प्रेम निधि मंदिर में ‘चित्रकला के रंग कान्हा जी के संग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चार विद्यालयों के 58 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंग माध्यमों के जरिए श्रीकृष्ण से जुड़े चित्रों का सृजन किया।

राज्यपाल द्वारा सम्मानित चित्रकार, संस्कार भारती की प्रांतीय संरक्षक एवं पूर्व प्राचार्या डॉ. सरोज भार्गव ने कहा कि चित्रकला के साधक की कल्पनाशीलता व्यापक होती जाती है। चित्रकला सृजनशीलता को सामने लाने के साथ मन के अवसाद को दूर करने में भी सहायक है।

संस्कार भारती आगरा महानगर के अध्यक्ष आर्किटेक्ट राजीव कुमार द्विवेदी, ललित कला संस्थान आगरा के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. मनोज कुमार, राज्य ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश की कार्यकारिणी सदस्य डॉ. आभा सिंह गुप्ता, चित्रकार एवं कवयित्री रश्मि सिंह, चित्रकार डॉ. तपस्या सिंह, एसबीआई पेंशन संगठन के अध्यक्ष एसएन गर्ग और राजेश खुराना ने भी विचार व्यक्त किए। सभी प्रतिभागियों को बहुरंगी प्रमाणपत्र और उपहार प्रदान किए गए।

कवि अशोक गोयल ने श्रीकृष्ण पर हृदयस्पर्शी कविता का पाठ किया—

श्याम कौ जु श्याम रंग चढ़ जाबे
अंग अंग बाकी सब रंग तब फीके पड़ जावेंगे।
प्रेम में मटकिया सौं माखन चुराईवेकूं
मोहन मुरारी झट छींके चढ़ जावेंगे।

कार्यक्रम संयोजक चित्रकार डॉ. मोना मिश्रा मुदगल ने बताया कि चार विद्यालयों के विद्यार्थियों ने कान्हा से जुड़े चित्र बनाए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मंच संचालन महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग और डॉ. तपस्या सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्या शीतल खुराना ने किया।

इस अवसर पर संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, चित्रकार नीता गर्ग, नीनू गर्ग सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

श्याम बाबा की भक्ति और ब्रज संस्कृति के रंग में रंगा नंदोत्सव

उत्सव मैरिज होम में आयोजित नंदोत्सव के दौरान मौजूद खाटू श्याम जी के भक्तगण।

आगरा नरेश श्याम भक्त सेवा समिति एवं आगरा नरेश पोशाक सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में बायपास रोड स्थित उत्सव मैरिज होम में नंदोत्सव का आयोजन किया गया। श्याम बाबा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में ब्रज नृत्य और विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में आगामी जनकपुरी महोत्सव में राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल और रानी सुनैना के स्वरूप लता गोयल का संस्था की ओर से अभिनंदन किया गया। इसके अलावा राम दरबार, पंचमुखी हनुमान अवतार और श्रीकृष्ण अवतार सहित विभिन्न झांकियों ने भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की छटा बिखेरी। नंद बाबा के स्वरूप में गौरव अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को उपहार वितरित किए। इस अवसर पर अध्यक्ष अमन गर्ग, मोहित अग्रवाल, गगन गर्ग, नीरज गर्ग, सौरभ अग्रवाल, सौरभ बंसल, निखिल अग्रवाल, शशांक अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल राधे-राधे आदि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor