आगरा मेट्रो के एक स्टेशन को मिले जनसेवा का नाम, अशोक जैन (सीए) के नाम पर नामकरण की उठी मांग
आगरा। सामाजिक संगठन लीडर्स आगरा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आगरा मेट्रो के किसी एक स्टेशन, विशेष रूप से आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन का नाम समाजसेवी स्वर्गीय अशोक जैन (सी.ए.) के नाम पर रखने की मांग करते हुए इसे जनभावनाओं से जुड़ा विषय बताया है। इस मांग के समर्थन में पोस्टर जारी कर जनजागरण अभियान भी शुरू किया गया।
पोस्टर जारी कर मुख्यमंत्री से किया भावनात्मक आग्रह
आवास विकास स्थित एक कार्यक्रम में सामाजिक संगठन लीडर्स आगरा के अध्यक्ष डॉ. पार्थ सारथी शर्मा और महामंत्री सुनील जैन ने पोस्टर जारी करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आगरा मेट्रो के किसी एक स्टेशन अथवा विशेष रूप से आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन का नाम "अशोक जैन (सी.ए.) मेट्रो स्टेशन" घोषित करने का अनुरोध किया। संगठन ने कहा कि यह निर्णय केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं होगा, बल्कि समाज सेवा की उस परंपरा का सम्मान होगा जिसने आगरा को देशभर में अलग पहचान दिलाई है।
आगरा की पहचान रहे अशोक जैन, हजारों परिवारों को दिया नया जीवन
डॉ. पार्थ सारथी शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय अशोक जैन (सी.ए.) ने अपना पूरा जीवन मानव सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों में दो हजार से अधिक पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की पूर्णतः निःशुल्क हृदय शल्य चिकित्सा (हार्ट सर्जरी) कराई गई। इन प्रयासों से हजारों परिवारों को नया जीवन और नई उम्मीद मिली। आज भी वे परिवार अशोक जैन के सेवा कार्यों को श्रद्धापूर्वक याद करते हैं।
उन्होंने कहा कि आगरा की प्रतिष्ठित संस्थाएं श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी, हेल्प आगरा और आगरा विकास मंच के माध्यम से स्व. अशोक जैन सीए द्वारा किए गए सेवा कार्यों ने राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी आगरा का गौरव बढ़ाया।
दिव्यांगों के लिए स्थापित कराया जयपुर फुट सेवा केंद्र
डॉ. शर्मा ने बताया कि अशोक जैन ने हजारों दिव्यांगजनों की सहायता के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनके प्रयासों से आगरा में जयपुर फुट सेवा केंद्र/अस्पताल की स्थापना हुई, जहां आगरा, ग्रामीण क्षेत्रों तथा आसपास के जिलों के सैकड़ों दिव्यांग कृत्रिम पैर प्राप्त कर पुनः आत्मनिर्भर जीवन जीने में सक्षम हुए। उनके नेतृत्व में विशाल दिव्यांग सहायता शिविर आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।
वृद्ध सेवा, गौसेवा और महिलाओं के स्वरोजगार को भी दिया बढ़ावा
महामंत्री सुनील जैन ने बताया कि अशोक जैन एवं उनके सहयोगियों ने वृद्धाश्रमों में निरंतर सहयोग देकर वृद्धजनों की सेवा को नई दिशा दी। उनके मार्गदर्शन से अनेक सहयोगियों ने गौसेवा, निर्धन परिवारों की सहायता, विधवा एवं जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने तथा गंभीर रूप से बीमार मरीजों की आर्थिक सहायता जैसे अनेक लोककल्याणकारी कार्य लगातार संचालित किए।
कोरोना काल में पेश की मानवता की मिसाल
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जब पूरा देश संकट से जूझ रहा था, तब अशोक जैन और उनकी टीम ने हजारों जरूरतमंद परिवारों तक खाद्य सामग्री, रियायती दर पर दवाइयां तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं उनके घरों तक पहुंचाकर मानव सेवा की मिसाल कायम की। उनके निधन के बाद भी उनके द्वारा शुरू किए गए जनसेवा कार्यक्रम निरंतर जारी हैं।
स्टेशन का नामकरण बनेगा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा
लीडर्स आगरा का कहना है कि अशोक जैन (सी.ए.) का सम्पूर्ण जीवन मानव सेवा, स्वास्थ्य सेवा, दिव्यांग कल्याण और जनहित के कार्यों को समर्पित रहा। ऐसे में आगरा मेट्रो के किसी एक स्टेशन या आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन का नाम उनके नाम पर रखा जाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी तथा आने वाली पीढ़ियों को समाज सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देगा।
ये रहे उपस्थित
पोस्टर जारी करने के कार्यक्रम में डॉ. पार्थ सारथी शर्मा, सुनील जैन, स्वीटी चौहान, विनीता जादौन, सुनील बग्गा, ठाकुर टी.एन. सिंह चौहान, अमित जैन सेठिया, राहुल जैन, डॉ. अशोक कुशवाह, हरीकांत शर्मा, रोबिन जैन, आयुषी गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।