आगरा पुलिस की मुस्तैदी से बची युवक की जान, जहर खाकर लापता हुआ युवक सुरक्षित घर लौटा
आगरा में जहरीला पदार्थ खाकर घर से निकले युवक की जान पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच गई। यूपी-112 की सूचना पर थाना जैतपुर पुलिस और पीआरवी टीम ने सर्विलांस की मदद से युवक को बाह-जैतपुर मार्ग पर बेहोशी की हालत में खोज निकाला। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद युवक स्वस्थ होकर घर लौट आया।
आगरा। आगरा में पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से एक युवक की जान बच गई। जहरीला पदार्थ खाकर घर से बाइक लेकर निकले युवक को पुलिस ने समय रहते खोज निकाला और अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई। उपचार के बाद युवक रविवार को पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट आया।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम यूपी-112 को सूचना मिली थी कि एक युवक जहरीला पदार्थ खाकर बाइक से घर से निकल गया है। सूचना मिलते ही थाना जैतपुर पुलिस और पीआरवी टीम तुरंत सक्रिय हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना समय गंवाए युवक की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने सर्विलांस की मदद से युवक के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रैक की। लगातार सर्च ऑपरेशन चलाते हुए पुलिस टीम बाह-जैतपुर मार्ग पर रूपपुरा ईंट भट्टे के पास पहुंची, जहां युवक बेहोशी की हालत में मिला।
युवक की हालत गंभीर देख पुलिसकर्मियों ने मानवता का परिचय देते हुए उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बाह पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक को बेहतर इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
समय पर इलाज मिलने से युवक की हालत में सुधार हुआ और उपचार के बाद वह पूरी तरह स्वस्थ हो गया। रविवार को युवक सुरक्षित अपने घर लौट आया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई नहीं करती तो बड़ा हादसा हो सकता था।