श्याम नाम से गुंजायमान हुआ आगरा: अलौकिक भव्यता, आस्था और अनुशासन के साथ निकली श्री खाटू श्याम जी फाल्गुन महोत्सव शोभायात्रा

आगरा में भक्ति, उल्लास और सनातन परंपरा का विराट संगम उस समय देखने को मिला, जब श्री खाटू श्याम जी फाल्गुन महोत्सव 2026 के अंतर्गत श्री श्याम प्रभु की भव्य शोभायात्रा नगर भ्रमण पर निकली। हारे का सहारा और श्याम बाबा की जय के जयघोषों से गूंजते मार्ग, हजारों श्रद्धालु, सजीव झांकियां और दिव्य श्रृंगार ने पूरे आयोजन ने आगरा को श्याममय कर दिया।

Feb 24, 2026 - 17:43
 0
श्याम नाम से गुंजायमान हुआ आगरा: अलौकिक भव्यता, आस्था और अनुशासन के साथ निकली श्री खाटू श्याम जी फाल्गुन महोत्सव शोभायात्रा
श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा अष्टम स्थापना दिवस पर निकाली गई श्री श्याम फाल्गुन शोभायात्रा की एक झलक।

  श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा अष्टम स्थापना दिवस पर निकाली गई श्री श्याम फाल्गुन शोभायात्रा में बाबा के डोले के साथ उपस्थित संयोजक अजय गर्ग अवागढ़, अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल, हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल व मुरारी प्रसाद अग्रवाल आदि।

आगरा। मंगलवार को श्री मनकामेश्वर मंदिर, रावतपाड़ा से प्रारंभ हुई श्री श्याम प्रभु की शोभायात्रा में भक्ति और अनुशासन का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। 1100 निशान और 500 कलश लेकर हजारों श्रद्धालु नंगे पांव नगर भ्रमण पर निकले। सफेद कुर्ता-पायजामा में पुरुष और गुलाबी साड़ियों में महिलाएं अनुशासित पंक्तियों में चलते हुए श्याम नाम का जयघोष कर रही थीं।

शोभायात्रा के उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, लायंस इंटरनेशनल के पूर्व निदेशक जितेंद्र चौहान और अन्य अतिथियों का स्वागत करते आयोजक। 

भव्य आरती के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, लॉयंस क्लब इंटरनेशनल के पूर्व निदेशक जितेन्द्र चौहान एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

प्रो. एसपी सिंह बघेल ने इस मौके पर कहा कि श्री खाटू श्याम जी की शोभायात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और सामूहिक श्रद्धा की सशक्त अभिव्यक्ति है। हजारों श्रद्धालुओं का अनुशासन और समर्पण अपने आप में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करता है।

शोभायात्रा राम बारात मार्ग, जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, दरेसी, मोतीगंज, कचहरी घाट, बेलनगंज होते हुए जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर पहुंची। मार्ग में सैकड़ों स्थानों पर पुष्पवर्षा, इत्र और गुलाल से श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। तोप से फूल-गुलाल की वर्षा विशेष आकर्षण रही।

आयोजन संयोजक अजय गर्ग (अवागढ़) ने बताया कि मंदिर के अष्टम स्थापना दिवस एवं फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत यह आयोजन श्रद्धा और सेवा भाव से संपन्न हुआ। इस वर्ष 50 से 60 सजीव झांकियां शोभायात्रा में शामिल रहीं। गणेश जी, महालक्ष्मी, कैला देवी, शिव परिवार, जगन्नाथ जी, आदियोगी, महाकाल लोक, काली का अखाड़ा, सालासर बालाजी और गोवर्धन महाराज की झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। नासिक और पुणे से आए बैंड, चंग धमाल, ढोल-नगाड़ों की गूंज ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

मातंगी टावर पर हुई महाआरती
शोभायात्रा के अंतिम पड़ाव जीवनी मंडी स्थित मातंगी टावर पर मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल द्वारा महाआरती की गई। इस दौरान का माहौल देखने लायक था। पुष्पवर्षा के साथ श्रद्धालुओं ने निशान और कलश अर्पित किए तथा प्रसादी ग्रहण की।

बाबा के डोले से आगे सेवा का डोला चल रहा था, जिसमें श्री श्याम सेवक परिवार द्वारा विशेष सेवाएं प्रदान की गईं। बाबा का डोला अजय गर्ग (आवागढ़) द्वारा सेवित किया गया। दरबार सेवा हेमेंद्र अग्रवाल एवं दीपक गर्ग ने निभाई, प्रसाद सेवा राजू भाई, निशान एवं कलश सेवा रवि शंकर अग्रवाल, इत्र सेवा मुरारी प्रसाद अग्रवाल (ट्रस्टी), गुलाल सेवा पंकज लोहिया एवं पगड़ी सेवा राकेश गर्ग द्वारा की गई। Top of Form

मंदिर में दिव्य श्रृंगार और आगे के कार्यक्रम
मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत अद्भुत सेवा-श्रृंगार, आकर्षक पोशाक, दिव्य छप्पन भोग और फूल बंगला दर्शन की व्यवस्था की गई है। बुधवार को फलों की होली सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

थाईलैंड के दुर्लभ पुष्पों और बेंगलुरु के मेवा से सजे अलौकिक श्रृंगार के बीच श्याम बाबा का दरबार ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो रिंगस का दिव्य दरबार साकार हो उठा हो। विद्युत सज्जा और सुगंधित वातावरण ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया।

SP_Singh AURGURU Editor