आगरा को मिलने जा रहा हवाई विकास का नया द्वार, 404 करोड़ के सिविल टर्मिनल का निर्माण नवंबर तक होगा पूरा
आगरा के धनौली में 404 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सिविल एयरपोर्ट टर्मिनल का निरीक्षण करने सांसद राजकुमार चाहर और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियाँ पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का कार्य नवंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। सांसद ने कहा कि यह टर्मिनल आगरा के पर्यटन, व्यापार और हवाई संपर्क को नई पहचान देगा, जबकि जलभराव की समस्या दूर करने के लिए आधुनिक ड्रेनेज व्यवस्था भी विकसित की जा रही है।
धनौली एयरपोर्ट का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद राजकुमार चाहर और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां
आगरा। फतेहपुर सीकरी से भाजपा सांसद राजकुमार चाहर और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां ने बुधवार को धनौली स्थित निर्माणाधीन सिविल एयरपोर्ट टर्मिनल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों से निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
करीब 404 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा सिविल टर्मिनल आगरा के बुनियादी ढांचे और हवाई संपर्क के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को बताया कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और नवंबर 2026 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि आगरा को यह सिविल टर्मिनल एक महत्वपूर्ण विरासत के रूप में मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि ताजमहल और अन्य विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के कारण आगरा की पहचान पूरी दुनिया में है, लेकिन आधुनिक हवाई सुविधाओं के अभाव में पर्यटन क्षेत्र को अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही थी। सिविल टर्मिनल शुरू होने के बाद आगरा देश के विभिन्न शहरों से बेहतर हवाई संपर्क स्थापित करेगा और पर्यटन उद्योग को नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि धनौली क्षेत्र अब केवल एक स्थानीय पहचान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देशभर की उड़ानों के संचालन का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे न केवल पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी बल्कि व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियाँ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मोदी सरकार के 4399 दिन पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा नेताओं ने इस महत्वपूर्ण परियोजना का निरीक्षण कर इसकी प्रगति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि टर्मिनल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या को समाप्त करने के लिए व्यापक ड्रेनेज व्यवस्था विकसित की जा रही है। जिला प्रशासन की निगरानी और उच्च अधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में बारिश के दौरान जलभराव जैसी समस्या उत्पन्न न हो।
सिविल टर्मिनल परियोजना से आगरा की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और शहर को राष्ट्रीय हवाई नेटवर्क में अधिक प्रभावी स्थान मिलेगा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर टर्मिनल को संचालन के लिए तैयार कर दिया जाएगा।