आगरा व्यापार मंडल ने 16 अगस्त के रक्तदान शिविर के लिए पदाधिकारियों को सौंपी अहम जिम्मेदारियां
आगरा। आगरा व्यापार मंडल ने आगामी 16 अगस्त को आयोजित होने वाले अपने चतुर्थ रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को हींग की मंडी स्थित माधव भवन कार्यालय में अध्यक्ष टीएन अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में शिविर की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया। बैठक में संयोजकों, सह संयोजकों एवं पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए सेवा भावना और समर्पण के साथ आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी अपने दायित्व का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करे, ताकि 16 अगस्त को श्री राम स्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित होने वाला चतुर्थ रक्तदान शिविर प्रेरणादायी और ऐतिहासिक आयोजन बने।
बैठक में शिविर के संयोजक राजीव कुमार गुप्ता, राजेश सिंघल एवं राजेश अग्रवाल तथा सह संयोजक नितिन अग्रवाल और मनोज भाटिया ने अब तक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी। विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
संयोजक राजीव कुमार गुप्ता ने आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे। भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी राजेंद्र गुप्ता (ब्रज रसायनाम), राजेश सिंघल एवं भगवानदास बंसल को दी गई। पुरस्कार वितरण की व्यवस्था रितेश राठौड़ एवं कन्हैया लाल राठौड़ संभालेंगे।
शिविर में कार्यकर्ताओं के पहचान-पत्र (आईडी कार्ड) तैयार कराने का दायित्व राजेश अग्रवाल को सौंपा गया। फॉर्म संग्रहण की जिम्मेदारी नितिन अग्रवाल तथा शिविर के दिन प्रतिभागियों से फॉर्म भरवाने की जिम्मेदारी मनोज भाटिया निभाएंगे।
चिकित्सा व्यवस्था की जिम्मेदारी डीके वर्मा एवं टीएन अग्रवाल को सौंपी गई। मंच संचालन का दायित्व जय पुरसुनानी, संदीप गुप्ता, राजीव गुप्ता एवं योगेश रखवानी को दिया गया। दीप प्रज्वलन की व्यवस्था नितेश अग्रवाल, अनुराग अरोड़ा एवं अशोक मंगवानी संभालेंगे। इसके अलावा आयोजन को सफल बनाने के लिए अन्य पदाधिकारियों को भी विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयास, सेवा भावना और बेहतर समन्वय से आगरा व्यापार मंडल का चतुर्थ रक्तदान शिविर सामाजिक सरोकार और मानव सेवा का एक प्रेरक उदाहरण बनेगा।