भक्ति और आस्था के रंग में रंगा आगरा का छीपीटोला जैन मंदिर, उपाध्याय पदारोहण महोत्सव का आगाज; गणधर वलय विधान और विनोली यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र  

आगरा। श्री पार्श्वनाथ जैन बड़ा मंदिर, छीपीटोला में आयोजित दो दिवसीय उपाध्याय पदारोहण दिवस एवं जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव का रविवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। वैज्ञानिक संत आचार्य श्री निर्भयसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में आयोजित महोत्सव के पहले दिन गणधर वलय विधान, ब्रह्मचारी मोहनलाल भैया की विनोली यात्रा और गोद भराई की मांगलिक रस्म प्रमुख आकर्षण रही। मंदिर परिसर दिनभर मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और जयघोषों से गूंजता रहा।

Jul 5, 2026 - 21:55
 0
भक्ति और आस्था के रंग में रंगा आगरा का छीपीटोला जैन मंदिर, उपाध्याय पदारोहण महोत्सव का आगाज; गणधर वलय विधान और विनोली यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र   

छीपीटोला जैन मंदिर में पदारोहण दिवस और जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव के अंतर्गत निकाली गई विनोली यात्रा की एक झलक।

महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल आयोजित पाठशाला शिक्षक संगोष्ठी से हुआ, जिसमें धर्म शिक्षा के संवर्धन, संस्कार निर्माण और नई पीढ़ी को जैन संस्कृति से जोड़ने जैसे विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना के लिए धार्मिक शिक्षा और संस्कारों का प्रसार समय की आवश्यकता है।

दोपहर दो बजे मंदिर परिसर में आचार्य श्री निर्भयसागर जी महाराज ससंघ तथा ब्रह्मचारी मोहनलाल भैया की पावन उपस्थिति में गणधर वलय विधान का आयोजन हुआ। पंडित राकेश जैन शास्त्री के कुशल निर्देशन में श्रद्धा और विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्यार्जन किया। पूरे वातावरण में भक्ति, आराधना और मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई देती रही।

सायंकाल मंदिर परिसर से सुसज्जित बग्घी में विराजमान ब्रह्मचारी मोहनलाल भैया की विनोली यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों, जयघोषों और धार्मिक नारों के बीच निकली यात्रा पार्श्वधाम पहुंची, जहां मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। यात्रा में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।

इसके बाद आयोजित गोद भराई की मांगलिक रस्म में श्रद्धालुओं ने ब्रह्मचारी मोहनलाल भैया के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल आध्यात्मिक जीवन की मंगलकामनाएं कीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने सहभागिता की।

मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन 6 जुलाई को प्रातःकाल भव्य शोभायात्रा, ध्वजारोहण, चित्र अनावरण, निर्यापक मुनि श्री शिवदत्तसागर जी महाराज का उपाध्याय पदारोहण संस्कार तथा बाल ब्रह्मचारी मोहनलाल भैया का जैनेश्वरी दीक्षा संस्कार संपन्न कराया जाएगा। इन धार्मिक आयोजनों में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। आयोजन के सफल संचालन में मंदिर समिति और जैन समाज के पदाधिकारी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मनोज जैन 'बल्लो', मुरारीलाल जैन, अनिल जैन कांटा, प्रवीन जैन, आयुष जैन, हेमंत जैन, अक्षय जैन सहित छीपीटोला जैन समाज, मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor