आगरा के राष्ट्रीय सफाई कामगार संगठन का सेनेटरी सुपरवाइजर संघ में विलय, पदाधिकारी घोषित
आगरा। नगर निगम कर्मचारियों के हितों की रक्षा और भ्रष्टाचार के खिलाफ संयुक्त संघर्ष को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को सेनेटरी सुपरवाइजर संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय सफाई कामगार संगठन ने औपचारिक रूप से सेनेटरी सुपरवाइजर संघ में विलय की घोषणा की। दोनों संगठनों ने एकजुट होकर नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में सर्वसम्मति से राजकुमार विद्यार्थी को सेनेटरी सुपरवाइजर संघ का संस्थापक नियुक्त किया गया।
बैठक की अध्यक्षता चौधरी संतोष डागोर और सुनील पारस ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उनके आशीर्वाद के साथ हुई। इसके बाद संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में राष्ट्रीय सफाई कामगार संगठन के मंडल अध्यक्ष सोनू चौहान के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने सेनेटरी सुपरवाइजर संघ में विलय की घोषणा की। इस अवसर पर दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, कार्यस्थल की समस्याओं का समाधान तथा नगर निगम में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त रूप से संघर्ष किया जाएगा।
कार्यक्रम में सेनेटरी सुपरवाइजर संघ के तीनों प्रकोष्ठों—स्थायी, संविदा और आउटसोर्सिंग—की कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।
स्थायी प्रकोष्ठ में दीपक झांगारे और संजय पाथरे को उपाध्यक्ष तथा कमल सिंह को महामंत्री बनाया गया। संविदा प्रकोष्ठ में राजेश साहू को संरक्षक, अमित सत्यार्थी को उपाध्यक्ष तथा राजेश चौहान को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। आउटसोर्सिंग प्रकोष्ठ में अरुण नरवार और विशाल पवार को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक में दोनों संगठनों की पूर्ण सहमति से राजकुमार विद्यार्थी को सेनेटरी सुपरवाइजर संघ का संस्थापक घोषित किया गया। इसके साथ ही सेनेटरी सुपरवाइजर संघ की ओर से राष्ट्रीय सफाई कामगार संगठन के सभी पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर रणजीत नरवार, चौधरी संतोष डागोर, सुनील पारस, राजकुमार विद्यार्थी, सोनू चौहान, दीपक झांगारे, सेठ कमल सिंह, मनोज गहचंद, संजय लहरी, अमित सत्यार्थी, अरुण नरवार, दिलीप खरे, पिंटू लाल, दिलीप चौहान, बंटू भारती, संजय शाह, मनीष चौहान, हृदेश चौहान, सुरेश चौहान, दीपक चंचल, अर्जुन पाथरे, सुरजीत चौहान, पिंटू साहू, राजकुमार चौहान, विशाल देव पवार सहित बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।