विश्व नगर शिखर सम्मेलन में गूंजी आगरा की आवाज, महापौर ने सिंगापुर की मंत्री को दिया ताजनगरी आने का न्योता
सिंगापुर में आयोजित विश्व नगर शिखर सम्मेलन-2026 में आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने वैश्विक मंच पर ताजनगरी का प्रतिनिधित्व करते हुए सिंगापुर की संस्कृति मंत्री को ताजमहल की प्रतिकृति भेंट कर आगरा आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। सम्मेलन में दुनिया के विभिन्न देशों के महापौरों और नगर प्रशासकों ने शहरों के समावेशी विकास, पारदर्शी प्रशासन और नागरिक-केंद्रित सुशासन पर मंथन किया।
आगरा। सिंगापुर में विश्व नगर शिखर सम्मेलन (वर्ल्ड सिटीज़ समिट-2026) एवं मेयरल फेलोशिप कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने ताजनगरी का प्रतिनिधित्व करते हुए सिंगापुर की संस्कृति मंत्री को विश्व प्रसिद्ध ताजमहल की आकर्षक प्रतिकृति भेंट की और उन्हें आगरा आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। महापौर के इस कदम को भारत की सांस्कृतिक विरासत और आगरा की वैश्विक पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
समापन समारोह का आयोजन मलेशिया के ऐतिहासिक शाही महल में किया गया, जो वर्ष 1800 में तत्कालीन शासक का राजमहल था। ऐतिहासिक दृष्टि से उस समय सिंगापुर और मलेशिया एक ही शासन व्यवस्था के अधीन थे तथा दोनों क्षेत्रों पर मलेशिया के राजा का अधिकार था। इस ऐतिहासिक परिसर में आयोजित समारोह ने सम्मेलन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम की मेजबानी सिंगापुर की संस्कृति मंत्री ने की। उन्होंने विश्व के विभिन्न देशों से आए महापौरों, नगर प्रशासकों और प्रतिनिधियों के सम्मान में विशेष दोपहर भोज का आयोजन किया। सम्मेलन में शामिल प्रतिनिधियों ने शहरी विकास, आधुनिक नगर प्रबंधन, सुशासन, पारदर्शिता और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर अपने अनुभव साझा किए।
चर्चा के दौरान सभी महापौरों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि नगर प्रशासन पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित होना चाहिए। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि शहरों का सतत और समावेशी विकास सुनिश्चित हो सके।
आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच विभिन्न देशों और शहरों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। साझा प्रयासों और बेहतर प्रशासनिक मॉडल को अपनाकर शहरी चुनौतियों का प्रभावी समाधान निकाला जा सकता है तथा शहरों को विकास, समृद्धि और वैश्विक प्रतिस्पर्धा की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आगरा भी विश्वस्तरीय नगरों की तर्ज पर आधुनिक और नागरिक हितैषी विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।