शराब, झगड़ा और कत्ल: बरेली में पत्नी–बेटी ने पीट-पीटकर ली मजदूर की जान, दो गिरफ्तार
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के छोटी बिहार मोहल्ले में एक मजदूर की उसकी ही पत्नी और बेटी ने डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की स्पष्ट पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार, छोटी बिहार निवासी बालकराम मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। रविवार को वह अपनी बहन के बेटे की शादी में भात पहनाने परिवार के साथ गया था। वहां उसने शराब पी और विवाद किया। झगड़े के बाद वह घर लौट आया। कुछ देर बाद पत्नी रेखा (46) और बेटी पिंकी (20) भी घर पहुंचीं, जहां बालकराम ने उनके साथ भी झगड़ा शुरू कर दिया।
इससे नाराज होकर पत्नी और बेटी ने डंडा उठा लिया और बालकराम को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों तब तक हमला करते रहे, जब तक उसकी मौके पर ही मौत नहीं हो गई। बाद में घटना को छिपाने के लिए किसी को सूचना तक नहीं दी गई।
घटना की सूचना एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची इज्जतनगर थाना पुलिस को परिजनों ने गुमराह करने की कोशिश की और कहा कि बालकराम सीढ़ियों से गिर गया था, उस वक्त वे घर पर मौजूद नहीं थे। संदेह के आधार पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, जिसमें शरीर पर करीब 15 गंभीर चोटों के निशान मिले। मौत का कारण शॉक और हैमरेज पाया गया, जिससे हत्या की पुष्टि हो गई।
मृतक के जेठ के बेटे पुष्कर सागर की शिकायत पर पत्नी रेखा और बेटी पिंकी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह के मुताबिक, दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया।
बालकराम के एक बेटे अजय और बेटी पिंकी की शादी हो चुकी थी। घटना के समय अजय की पत्नी मायके गई हुई थी, जबकि पिंकी ससुराल से मायके आई थी। छोटी बेटी की शादी अभी नहीं हुई थी।