सपा सरकार बनते ही बंद किए गए सभी प्राथमिक-जूनियर स्कूल खुलेंगे, शिक्षक दिवस पर गुरुजनों का सम्मान
आगरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी महानगर आगरा की ओर से महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षक सम्मान समारोह और गोष्ठियों का आयोजन किया गया। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के निर्देश तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देशानुसार आयोजित इन कार्यक्रमों में शिक्षकों को सम्मानित कर राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नमन किया गया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने प्रदेश में बंद किए गए प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही बंद किए गए सभी स्कूलों को दोबारा खोला जाएगा।
स्कूल बंद करने का फैसला शिक्षा विरोधी
महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हजारों प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूलों को बंद करने का फैसला शिक्षा विरोधी है। इसका सबसे अधिक असर गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों के बच्चों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि स्कूल बंद होने से बच्चों को शिक्षा के लिए दूर जाना पड़ रहा है और कमजोर आर्थिक स्थिति वाले परिवारों के सामने नई मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस फैसले का लगातार विरोध करती रही है और आगे भी शिक्षकों तथा छात्रों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी।
सरकार बनते ही फिर खुलेंगे बंद स्कूल
शब्बीर अब्बास ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही प्रदेश में बंद किए गए सभी प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूलों को दोबारा खोला जाएगा। समाजवादी पार्टी शिक्षा को बोझ नहीं, बल्कि अधिकार मानती है। हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए और हर शिक्षक को सम्मान एवं सुरक्षा मिलना जरूरी है।
कई स्थानों पर शिक्षकों का सम्मान
महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सतीश चाहर के नेतृत्व में आगरा कॉलेज के सामने मनसा देवी प्राइमरी स्कूल गोकुलपुरा, राहुल शाक्य के नेतृत्व में नवज्योति स्कूल, गुरुद्वारे के बराबर बल्केश्वर, ऋतिक प्रजापति के नेतृत्व में प्राथमिक विद्यालय कछपुरा, श्री जीशान अहमद के नेतृत्व में सुभाष पार्क, प्रमोद यादव के नेतृत्व में आर्य कन्या पाठशाला जूनियर हाईस्कूल माईथान, श्रीमती मीना वर्मा के नेतृत्व में घटिया आजम खां तथा प्राथमिक विद्यालय हन्ना गली, छिपिटोला में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रमों में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।