रुनकता शनिदेव मंदिर के चढ़ावे में से 'चौथ' मांगने का आरोप, समिति सदस्य की शिकायत पर पुलिस जुटी जांच में

आगरा के सिकंदरा क्षेत्र स्थित रुनकता धाम शनिदेव मंदिर में चढ़ावे से कथित हफ्ता वसूली का मामला सामने आया है। मंदिर समिति के सदस्य ने आठ लोगों पर हर सप्ताह 10 हजार रुपये चौथ मांगने और 9 मई की रात मंदिर कार्यालय से 40 हजार रुपये जबरन ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Jun 29, 2026 - 16:16
 0
रुनकता शनिदेव मंदिर के चढ़ावे में से 'चौथ' मांगने का आरोप, समिति सदस्य की शिकायत पर पुलिस जुटी जांच में
चढ़ावे में से 'चौथ' के लिए मारपीट करते आरोपी।

आगरा। आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित रुनकता धाम शनिदेव मंदिर में चढ़ावे की रकम को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है। मंदिर समिति के सदस्य ने कुछ लोगों पर मंदिर के चढ़ावे से नियमित रूप से हफ्ता वसूली करने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके बाद अधिकारियों ने जां च शुरू कर दी है।

मंदिर समिति के सदस्य नरेन्द्र सिंह पुत्र नत्थी सिंह द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार क्षेत्र के आशा, संजू, धन्नो देवी उर्फ सरोज, चिन्का उर्फ नागेन्द्र, वोल्टर उर्फ प्रतीक, सुमन देवी, सीमा और राजू लंबे समय से मंदिर में आने वाले चढ़ावे में से हर सप्ताह 10 हजार रुपये चौथ के रूप में मांगते रहे हैं।

9 मई की रात 40 हजार रुपये ले जाने का आरोप

शिकायत में कहा गया है कि 9 मई की रात करीब 9 बजे सभी आरोपित मंदिर कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने कथित रूप से गाली-गलौज की, नरेन्द्र सिंह को उनकी कुर्सी से हटाकर स्वयं मुख्य कुर्सी पर बैठ गए और डराकर मंदिर के 40 हजार रुपये जबरन अपने साथ ले गए। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इस पूरी घटना की रिकॉर्डिंग मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में होने का दावा किया गया है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने मामले की जांच एसीपी हरीपर्वत अमीषा को सौंपी है। पुलिस मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी चर्चा में रह चुके हैं आरोपित

शिकायत में नामजद किए गए कुछ आरोपित हाल ही में एक अन्य मामले को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। हालांकि, मौजूदा प्रकरण में पुलिस अभी जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा।