यमुना मैया के जयकारों से गूंजा प्राचीन श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर दुग्धाभिषेक और भक्ति रस में डूबकर मनाया गया छठ उत्सव

आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर यमुना किनारा स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में यमुना मैया के छठ उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर और यमुना आरती स्थल ठाकुर मथुराधीश जी महाराज तथा यमुना मैया के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से यमुना मैय्या का पूजन और आरती की।

May 22, 2026 - 21:12
 0
यमुना मैया के जयकारों से गूंजा प्राचीन श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर दुग्धाभिषेक और भक्ति रस में डूबकर मनाया गया छठ उत्सव
यमुना किनारा स्थित प्राचीन श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में यमुना मैया का छठ उत्सव मनाते भक्तगण।

उत्सव से पूर्व मंदिर में भव्य कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें यमुना मैया और राधा-कृष्ण के भजनों ने ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि पूरा परिसर बृज रस में सराबोर हो उठा। भक्तजन भक्ति संगीत पर झूमते नजर आए और वातावरण राधे-श्याम तथा यमुना मैया की जय के उद्घोषों से गुंजायमान हो गया।

पुष्टिमार्ग में यमुना मैया का विशेष महत्व

यमुना मैय्या भक्त बृज खंडेलवाल ने बताया कि वैष्णव परंपरा, विशेषकर पुष्टिमार्ग में श्री यमुना जी को भगवान श्रीकृष्ण की प्रिय सखी, प्रेम की प्रतीक और ईष्ट देवी माना जाता है। वल्लभ संप्रदाय में श्रीठाकुरजी की सेवा से पहले यमुनाजी की कृपा को अनिवार्य माना गया है। उन्होंने बताया कि यमुनाजी रासलीला, व्रज की लीलाओं और भक्ति प्रवाह की आधारस्वरूप हैं।

उन्होंने कहा कि गर्ग संहिता सहित कई ग्रंथों में यमुना और गोवर्धन की महिमा का वर्णन मिलता है। पुष्टिमार्ग में यमुनाजी के 41 पद अत्यंत प्रसिद्ध हैं, जिनमें उन्हें पापों का उद्धार करने वाली और प्रेम की मूर्त स्वरूप बताया गया है। यमुना स्नान, दर्शन और आराधना को कृष्ण भक्ति प्राप्ति का माध्यम माना जाता है।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे श्रद्धालु

इस अवसर पर मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय, जुगल श्रोत्रिय, जगन प्रसाद तेरीया, रोहित गुप्ता, सुरेंद्र सिंह, अपला शर्मा, सूर्या श्रोत्रिय, चतुर्भुज तिवारी, राहुल राज, दीपक राजपूत, निधि पाठक, पद्मिनी ताजमहल, मीरा खंडेलवाल, बल्लभ अभिनव श्रोत्रिय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor