शारदा विहार नई बस्ती में विकास के लिए फूटा गुस्सा, नगर निगम में महिलाओं ने अधिकारियों वाला गेट घेरा, धरना-प्रदर्शन और जमकर नारेबाजी

आगरा। शहर के बोदला क्षेत्र स्थित शारदा विहार, नई आबादी में लंबे समय से विकास कार्य न होने और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर सोमवार को क्षेत्रीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं सहित स्थानीय नागरिक सीधे नगर निगम कार्यालय पहुंचे और जोरदार धरना प्रदर्शन करते हुए अधिकारियों के प्रवेश द्वार को घेर लिया।

May 18, 2026 - 19:58
 0
शारदा विहार नई बस्ती में विकास के लिए फूटा गुस्सा, नगर निगम में महिलाओं ने अधिकारियों वाला गेट घेरा, धरना-प्रदर्शन और जमकर नारेबाजी
नगर निगम के गेट पर धरना देतीं महिलाएं और पुरुष।

धरना प्रदर्शन के दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी की और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में न तो उचित नालियों का निर्माण हुआ है और न ही नाला बनाया गया है, जिसके कारण बरसात और गंदे पानी की निकासी की गंभीर समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं की गई, जिससे क्षेत्र में नारकीय स्थिति पैदा हो गई है।

प्रदर्शन के दौरान नगर निगम कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। भीड़ और विरोध के बीच अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को जल्द ही दूर किया जाएगा और विकास कार्यों को शुरू कराया जाएगा। इसके बाद लोगों ने धरना समाप्त किया।

यह पूरा प्रदर्शन अखिल भारतीय मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के बैनर तले आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही क्षेत्र में विकास कार्य शुरू नहीं हुए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor