आगरा की श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी में अनिल जिंदल फिर बने अध्यक्ष, राजकुमार जैन को महामंत्री की कमान
आगरा। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी की 2026-2029 के लिए नई कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न हो गया। अध्यक्ष पद पर अनिल जिंदल ने लगातार पुनः निर्विरोध जीत दर्ज की, जबकि राजकुमार जैन को भी निर्विरोध महामंत्री चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर विष्णु गर्ग निर्विरोध निर्वाचित हुए। कोषाध्यक्ष और मंत्री पद के लिए मतदान कराना पड़ा। चुनाव में कमेटी के 506 सदस्यों में से 430 ने मतदान किया।
नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनावी प्रक्रिया चुनाव अधिकारी माधव प्रसाद अग्रवाल के निर्देशन में पूरी हुई। अशोक गुप्ता और अनिल गुप्ता ने सह चुनाव अधिकारियों के रूप में सहयोग किया।
अध्यक्ष पद पर अनिल जिंदल, उपाध्यक्ष पद पर विष्णु गर्ग और महामंत्री पद पर राजकुमार जैन का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए तीन और मंत्री पद के लिए तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। मतदान के बाद ताराचंद गोयल ने पुनः कोषाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की, जबकि प्रशान्त गुप्ता पुनः मंत्री निर्वाचित हुए।
इसके अलावा करीब 30 कार्यकारिणी सदस्यों का भी निर्वाचन किया गया। इस तरह संवैधानिक रूप से तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी की नई टीम का गठन हो गया है।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान कमेटी के सदस्यों ने मतदान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 506 सदस्यों में से 430 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया।
पूर्व अध्यक्ष ओम टंडन और सुनील विकल ने सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए नई कार्यकारिणी के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।