एत्मादपुर में एक और जानलेवा हादसाः अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉला की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, गुस्साए ग्रामीणों का हंगामा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

आगरा। एत्मादपुर कस्बे के स्टेशन रोड पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉला ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉला चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कराया।

Mar 11, 2026 - 23:44
 0
एत्मादपुर में एक और जानलेवा हादसाः अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉला की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, गुस्साए ग्रामीणों का हंगामा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
एत्मादपुर में हुए हादसे में युवक की मौत के मौके पर मौजूद लोग हंगामा करते हुए।

जानकारी के अनुसार छोटा सुरहरा निवासी युवक बुधवार रात करीब पौने नौ बजे एक शादी समारोह में दावत खाकर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह थाना एत्मादपुर क्षेत्र के स्टेशन रोड पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉला ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जयेश चंद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटना को लेकर भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सड़क पर हंगामा करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

मृतक के चचेरे भाई गोपाल ने बताया कि जयेश चंद अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉला चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

हालांकि यह दुर्घटना तो स्टेशन रोड पर हुई है, लेकिन एत्मादपुर कस्बे से गुजरने वाला हाईवे अब खतरनाक बन चुका है। यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक यहां एलीवेटेड रोड का निर्माण नहीं होगा, तब तक इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद अब तक ठोस कदम न उठाए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

 

SP_Singh AURGURU Editor