पाक के लिए जासूसी में पकड़े गए आगरा के लांसनायक आदर्श की गिरफ्तारी से चाहरवाटी स्तब्ध, नई नवेली दुल्हन के तो अरमानों पर पानी ही फिर गया

आगरा। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए कथित जासूसी के आरोप में गिरफ्तार नौसेना के लांसनायक आदर्श कुमार उर्फ लक्की के मामले में अब मानवीय पहलू भी सामने आ रहा है। यूपी एटीएस की कार्रवाई के बाद जहां जांच एजेंसियां जासूसी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं, वहीं दूसरी ओर आदर्श की नई नवेली दुल्हन और परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शादी के महज कुछ दिन बाद ही पति की गिरफ्तारी ने उसके जीवन के सपनों को झकझोर कर रख दिया है। इधर वीरों की धरती चाहरवाटी भी आदर्श के कारनामों पर लजा रही है। चाहरवाटी के लोगों को पहले तो भरोसा नहीं हो रहा था, लेकिन अब जैसे-जैसे नई जानकारियां सामने आ रही हैं, लोगों को भी भरोसा होने लगा है।

Mar 12, 2026 - 12:20
 0
पाक के लिए जासूसी में पकड़े गए आगरा के लांसनायक आदर्श की गिरफ्तारी से चाहरवाटी स्तब्ध, नई नवेली दुल्हन के तो अरमानों पर पानी ही फिर गया

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ संपर्क, ‘कीर्ति’ बनकर फंसाया

एटीएस की जांच के अनुसार आगरा के कागारौल थाना क्षेत्र के गांव चीतपुर निवासी नौसेना के लांसनायक आदर्श कुमार उर्फ लक्की करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवती के संपर्क में आया। बताया जा रहा है कि वह युवती दरअसल आईएसआई एजेंट थी, जिसने अपना नाम ‘कीर्ति’ बताकर आदर्श को अपने जाल में फंसा लिया। पाकिस्तान की इस जासूस का असली नाम आशी है।

धीरे-धीरे दोनों के बीच व्हाट्सऐप कॉल पर बातचीत होने लगी और इसी दौरान आदर्श का संपर्क पाकिस्तान में बैठे आईएसआई के लोगों तक हो गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक इसी नेटवर्क के जरिए उससे संवेदनशील सूचनाएं और तस्वीरें हासिल करने की कोशिश की गई।

आईएनएस विक्रांत और सर्वेक्षण पोत की तस्वीरें भेजने का आरोप

सूत्रों के अनुसार पूछताछ में सामने आया है कि आदर्श ने भारतीय नौसेना के महत्वपूर्ण युद्धपोत आईएनएस विक्रांत और सर्वेक्षण पोत आईएनएस इक्षक से जुड़ी तस्वीरें और कुछ जानकारी साझा की थी।

एटीएस अधिकारियों का कहना है कि आदर्श को और भी गोपनीय सूचनाएं भेजने के लिए कहा गया था। फिलहाल पुलिस कस्टडी रिमांड लेकर उससे पूछताछ की तैयारी की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।

2021 में ज्वाइन की थी नौसेना, कोच्चि में थी तैनाती

जांच एजेंसियों के अनुसार आदर्श कुमार ने वर्ष 2021 में भारतीय नौसेना ज्वाइन की थी। वर्तमान में उसकी तैनाती केरल के कोच्चि स्थित दक्षिणी नेवल कमांड में बताई जा थी।

एटीएस के मुताबिक आदर्श हाल ही में अवकाश पर अपने घर आगरा आया था। उसकी गतिविधियों पर पहले से नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया, जहां पूछताछ में कई अहम तथ्य सामने आए और उसे हिरासत में ले लिया गया।

गोरखपुर में पकड़े गए राम सिंह से कनेक्शन की जांच

एटीएस इस मामले में वर्ष 2024 में गोरखपुर से पकड़े गए कथित जासूस राम सिंह से भी आदर्श के संभावित संबंधों की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि आईएसआई का यह नेटवर्क कई स्तरों पर सक्रिय हो सकता है और इसी कड़ी में आगरा सहित कई स्थानों पर जांच की जा रही है।

शादी के 20 दिन बाद टूटा सपना

इस पूरे मामले का सबसे दर्दनाक पहलू आदर्श की नई नवेली दुल्हन की स्थिति है। जानकारी के अनुसार आदर्श की शादी 19 फरवरी को हाथरस जनपद के विसावर क्षेत्र की युवती से हुई थी। शादी के बाद दोनों दुबई हनीमून के लिए भी गए थे।

लेकिन शादी के महज कुछ दिनों बाद ही पति की गिरफ्तारी की खबर ने दुल्हन की दुनिया उजाड़ दी। जिस घर में अभी कुछ दिन पहले तक शहनाई की गूंज थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों के मुताबिक अभी उसके हाथों की मेहंदी भी पूरी तरह फीकी नहीं पड़ी थी कि यह तूफान आ गया।

गांव के लोगों को नहीं हो रहा था विश्वास

आगरा के कागारौल क्षेत्र के चीतपुर गांव में आदर्श की गिरफ्तारी के बाद से ही सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा कि उनके गांव का बेटा देश से गद्दारी जैसे आरोप में पकड़ा गया है।

हालांकि एटीएस की पूछताछ में खुद आदर्श द्वारा आईएसआई एजेंट के संपर्क में होने की बात स्वीकार किए जाने के बाद गांव के लोग भी हैरान हैं और पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

आगे और खुल सकते हैं राज

एटीएस अधिकारियों का कहना है कि आदर्श कुमार से गहन पूछताछ के बाद जासूसी नेटवर्क के और भी राज खुल सकते हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं इस नेटवर्क में और लोग तो शामिल नहीं हैं और क्या कोई और संवेदनशील जानकारी भी साझा की गई है।

SP_Singh AURGURU Editor