ईमानदारी की मिसाल पेश की ऑटो चालक सतीश राजपूत ने, सतना के यात्री का बैग स्टेशन पहुंचकर लौटाया
आगरा। जहां आए दिन लोगों का सामान गायब होने और भरोसा टूटने की खबरें सामने आती हैं, वहीं आगरा के एक ऑटो चालक ने अपनी ईमानदारी और जिम्मेदारी से मानवता की मिसाल पेश कर दी। एसओएस (सोल्जर्स ऒफ सोसाइटी) से जुड़े ऑटो चालक सतीश राजपूत ने सतना से आए यात्री राकेश मिश्रा का बैग ऒटो में छूट जाने के बाद न केवल उसे सुरक्षित रखा, बल्कि खुद स्टेशन पहुंचकर बैग यात्री तक पहुंचा दिया।
जानकारी के अनुसार सतना निवासी राकेश मिश्रा आगरा आए हुए थे। यात्रा के दौरान उनका बैग ऑटो में ही छूट गया था। कुछ समय बाद ऑटो चालक सतीश राजपूत की नजर बैग पर पड़ी। उन्होंने ईमानदारी और सजगता दिखाते हुए बैग को सुरक्षित रखा और ऒटो को फिर से स्टेशन की ओर मोड़ दिया। ऒटो चालक सतीश राजपूत ने यात्री की तलाश शुरू कर दी।
उधर यात्री राकेश मिश्रा को भी स्टेशन पहुंचने पर अहसास हुआ कि वे अपना बैग ऒटो में ही छोड़ आए हैं। परेशान राकेश मिश्रा ऒटो को तलाशते हुए स्टेशन के बाहर आए। उधर सतीश राजपूत भी उन्हें ही तलाश रहे थे। राकेश मिश्रा के नजर आते ही उनका बैग सकुशल वापस सौंप दिया। अपना सामान सुरक्षित मिलने पर यात्री ने राहत की सांस ली और ऑटो चालक की जमकर सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
इस पूरे मामले पर एसओएस के निदेशक डॉ. नवीन गुप्ता ने कहा कि आज के समय में इस तरह की ईमानदारी समाज के लिए प्रेरणा है। आगरा शहर और एसओएस परिवार को ऐसे संवेदनशील एवं जिम्मेदार ऑटो चालक पर गर्व है। उन्होंने सतीश राजपूत को इस सराहनीय कार्य के लिए हार्दिक साधुवाद और शुभकामनाएं दीं।Top of Form