किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी बाह पुलिस ने दबोचा, पॊक्सो एक्ट में वांछित शातिर अपराधी भी चढ़ा बमरौली कटारा पुलिस के हत्थे
आगरा। किशोरवय लड़कियों के खिलाफ अपराध करने वालों पर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। बाह थाना क्षेत्र में किशोरी से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि थाना बमरौली कटारा पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान पोक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में वांछित शातिर अपराधी को दबोच लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना बाह क्षेत्र में एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी अनिल पुत्र रामबक्स को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता की मां ने 21 मई को थाना बाह में मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उनके यहां किराए पर रहने वाले अनिल ने उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म किया है। घटना के बाद पीड़िता डरी-सहमी हालत में मिली थी। मां के पूछने पर उसने पूरी घटना बताई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बाह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिजौली डिपो के पास से आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र के गुढ़ा गांव का निवासी बताया गया है।
वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

वहीं थाना बमरौली कटारा पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान वांछित अभियुक्त राजू उर्फ गंगा पुत्र नेमी चंद्र निवासी इस्लामनगर थाना बमरौली कटारा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ दर्जनभर मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस को उसकी धारा 137(2) बीएनएस और पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में तलाश थी। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।