बंगाल के हाईप्रोफाइल चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बलिया का शार्प शूटर राज सिंह अयोध्या से गिरफ्तार, फुरप्रिंट के सहारे राज तक पहुंची एसआईटी, सीएम शुभेंदु के पीए थे चंद्रनाथ, दो दिन पहले संभल भी पहुंची थी कोलकाता पुलिस
अयोध्या। पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। बलिया निवासी शार्प शूटर राज सिंह को सोमवार को अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया गया। कोलकाता पुलिस की एसआईटी ने अयोध्या पुलिस की मदद से यह कार्रवाई की। राज सिंह पर बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या में शामिल होने का आरोप है।
जांच एजेंसियों के अनुसार हत्या के बाद घटनास्थल से मिले फुटप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने राज सिंह तक पुलिस को पहुंचाया। पुलिस को संदेह था कि हत्या में शामिल आरोपियों में से एक राज सिंह भी है। इसके बाद उसकी तलाश कई राज्यों में की जा रही थी।
हत्या के बाद अयोध्या में छिपा था आरोपी
सूत्रों के अनुसार वारदात के बाद राज सिंह अयोध्या आकर छिप गया था। पुलिस को लगातार उसकी लोकेशन बदलने की जानकारी मिल रही थी। आखिरकार कोलकाता पुलिस की टीम ने अयोध्या पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाकर उसे दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि बलिया का रहने वाला राज सिंह पिछले कुछ समय से बस्तर क्षेत्र में रह रहा था और वहीं से उसका आपराधिक नेटवर्क संचालित हो रहा था। पुलिस अब उसके संपर्कों, आर्थिक लेन-देन और अन्य संभावित सहयोगियों की भी जांच करेगी। बंगाल पुलिस उसे अपने साथ कोलकाता ले गई है।
हाईप्रोफाइल मर्डर से मचा था राजनीतिक भूचाल
चंद्रनाथ रथ पश्चिम बंगाल की राजनीति में चर्चित नामों में शामिल थे और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के बेहद करीबी माने जाते थे। उनकी हत्या के बाद बंगाल की राजनीति में भारी हलचल मच गई थी। यह वारदात सीधे-सीधे उन शुभेंदु अधिकारी को चुनौती थी जो दो दिन बाद बंगाल के मुख्यमंत्री की शपथ लेने वाले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की थी।
जांच के दौरान मिले फुटप्रिंट, तकनीकी सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों ने पुलिस को राज सिंह तक पहुंचाया। गिरफ्तारी के बाद अब एसआईटी उससे पूछताछ कर हत्या की साजिश, सुपारी नेटवर्क और अन्य शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
कई राज्यों में फैला नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस सूत्रों का कहना है कि राज सिंह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल तक फैला हो सकता है। ऐसे में अब कई राज्यों की एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल ले जाया गया है।
Top of Formज्ञातव्य है कि कोलकाता पुलिस दो दिन पहले चंद्रनाथ रथ हत्याकांड के सिलसिले में यूपी के संभल में भी पहुंची थी। कोलकाता पुलिस ने संभल पुलिस से सम्पर्क कर छानबीन की थी। जानकारी मिली है कि चंद्रनाथ रथ के हत्याभियुक्तों द्वारा जो सिम प्रयोग में लाई गईं, वे संभल से खरीदी गई थीं। हालांकि अभी इसका विस्तृत ब्यौरा नहीं मिल पाया है।