119वें स्थापना दिवस पर बैंक ऑफ बड़ौदा का सेवा और संस्कृति संग उत्सव, वॉकथॉन से लेकर सम्मान समारोह तक छाया उल्लास

आगरा। बैंक ऑफ बड़ौदा के 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय, आगरा द्वारा सोमवार को दिनभर विविध सामाजिक, स्वास्थ्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वॉकथॉन, वृक्षारोपण, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और भव्य सांस्कृतिक संध्या के माध्यम से बैंक ने कर्मचारियों, उनके परिवारों और समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। कार्यक्रमों में बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, विशिष्ट अतिथियों तथा उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Jul 20, 2026 - 22:38
 0
119वें स्थापना दिवस पर बैंक ऑफ बड़ौदा का सेवा और संस्कृति संग उत्सव, वॉकथॉन से लेकर सम्मान समारोह तक छाया उल्लास
बैंक ऒफ बड़ौदा के 119वें स्थापना दिवस पर सोमवार को आगरा में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद बैंक के अधिकारी और कर्मचारी।

स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत प्रातः क्षेत्रीय कार्यालय, आगरा से शहीद स्मारक तक आयोजित वॉकथॉन से हुई। इसमें बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। वॉकथॉन के उपरांत शहीद स्मारक परिसर में वृक्षारोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भविष्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

बैंक कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्थापना दिवस पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच (हेल्थ चेक-अप) शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक परामर्श दिए।

सायंकाल आगरा क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से राव कृष्ण पाल ऑडिटोरियम, खंदारी में भव्य सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों, विशिष्ट अतिथियों, पूर्व अधिकारियों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के प्रतिनिधियों, कर्मचारियों तथा उनके परिवारों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद समूह नृत्य, काव्य पाठ, कव्वाली, तबला वादन, एकल नृत्य तथा बैंक स्टाफ एवं बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीतों सहित अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। उपस्थित अतिथियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह के मुख्य अतिथि पैसालो डिजिटल लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) हरीश सिंह रहे। विशिष्ट अतिथियों में बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रमुख धनंजय कुमार, उप क्षेत्रीय प्रबंधक अनुज चित्रांश, आरआरबी आगरा के सहायक महाप्रबंधक अविनाश पलोड़ तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के पूर्व महाप्रबंधक एस.पी. भनोट शामिल रहे।

इस अवसर पर बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। अतिथियों ने अपने संबोधन में बैंक ऑफ बड़ौदा की 119 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उत्कृष्ट ग्राहक सेवा, तकनीकी नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्र निर्माण में बैंक की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

SP_Singh AURGURU Editor