बरेली में चलती ट्रेन के साथ प्लेटफॊर्म पर घिसट रही थी छात्रा, ट्रेन मैनेजर ने सेकेंडों में ऐसा फैसला लिया कि युवती की जान बच गई

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में रविवार को एक बड़ी रेल दुर्घटना उस समय टल गई जब ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसली एक छात्रा को ट्रेन मैनेजर की सतर्कता और त्वरित निर्णय ने मौत के मुंह में जाने से बचा लिया। स्टेशन राजा का सहसपुर पर हुई इस बेहद संवेदनशील घटना ने रेलवे कर्मचारियों की जिम्मेदारी, सजगता और मानवीय संवेदनशीलता का जीवंत उदाहरण पेश किया।

May 17, 2026 - 19:46
 0
बरेली में चलती ट्रेन के साथ प्लेटफॊर्म पर घिसट रही थी छात्रा, ट्रेन मैनेजर ने सेकेंडों में ऐसा फैसला लिया कि युवती की जान बच गई
ट्रेन मैनेजर ओमकार सिंह।

गाड़ी संख्या 54391 में ड्यूटी पर तैनात ट्रेन मैनेजर ओमकार सिंह (द्वितीय) ने असाधारण सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल ट्रेन रुकवाकर छात्रा की जान बचा ली। घटना के बाद रेलवे प्रशासन सहित यात्रियों और परिजनों ने उनकी जमकर सराहना की।

ट्रेन पकड़ने के दौरान फिसला छात्रा का पैर

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल महेश यादव ने बताया कि रविवार को स्टेशन राजा का सहसपुर (आरजेके) पर एक छात्रा ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी।

इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह असंतुलित होकर प्लेटफार्म पर गिरते हुए ट्रेन के साथ घिसटने लगी। कुछ सेकेंड की यह घटना बेहद भयावह थी और यदि जरा सी भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

ओमकार सिंह ने तुरंत रुकवाई ट्रेन

घटना के समय ट्रेन मैनेजर ओमकार सिंह (द्वितीय) ड्यूटी पर मौजूद थे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को तुरंत भांप लिया और बिना समय गंवाए तत्काल प्रेशर लगाकर ट्रेन रुकवाने की कार्रवाई की। उनकी त्वरित प्रतिक्रिया के चलते ट्रेन समय रहते रुक गई और छात्रा को सुरक्षित बचा लिया गया।  रेलवे अधिकारियों के अनुसार यदि ट्रेन कुछ और दूरी तक चलती रहती तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था।

छात्रा ने भी दिखाई हिम्मत

घटना के दौरान छात्रा ने भी साहस और धैर्य का परिचय दिया। बताया गया कि घिसटते समय उसने ट्रेन के हैंडल को मजबूती से पकड़े रखा, जिससे वह ट्रेन के नीचे जाने से बची रही और ट्रेन रुकने तक स्थिति नियंत्रण में बनी रही। इस साहस और ट्रेन मैनेजर की सतर्कता के संयुक्त प्रयास से छात्रा की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।

परिजनों ने जताया आभार

घटना के बाद छात्रा और उसके परिजनों ने ट्रेन मैनेजर ओमकार सिंह तथा रेलवे प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों की तत्परता, संवेदनशीलता और सुरक्षा के प्रति समर्पण की प्रशंसा की।

ट्रेन मैनेजर सिर्फ संचालन नहीं, सुरक्षा के प्रहरी

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि ट्रेन मैनेजर केवल ट्रेन संचालन का दायित्व ही नहीं निभाते, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के सजग प्रहरी के रूप में भी कार्य करते हैं। उनकी सतर्कता, जिम्मेदारी और त्वरित निर्णय क्षमता प्रतिदिन हजारों यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है। मुरादाबाद मंडल, उत्तर रेलवे ने ट्रेन मैनेजर ओमकार सिंह (द्वितीय) की उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा, सजगता और सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद प्रेषित किया है।

SP_Singh AURGURU Editor