श्रीमथुराधीश मंदिर में मनाया गया बसंतोत्सव, मोगरा-बेला की महक और रंगोत्सव संग भक्तिभाव में डूबा मंदिर परिसर

आगरा। यमुना किनारे स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्री मथुराधीश महाराज जी के मंदिर में पुरुषोत्तम मास के अंतर्गत गुरुवार को बसंतोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। बसंती घटा के स्वरूप में सजे मंदिर परिसर में मोगरा और बेला के पुष्पों की सुगंध के बीच ठाकुरजी के जयकारे गूंजते रहे। विशेष श्रृंगार, बसंत राग के कीर्तन, रंगोत्सव और खेल लीला के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

May 21, 2026 - 20:30
 0
श्रीमथुराधीश मंदिर में मनाया गया बसंतोत्सव, मोगरा-बेला की महक और रंगोत्सव संग भक्तिभाव में डूबा मंदिर परिसर
पुरुषोत्तम मास में श्रीमथुराधीश मंदिर में गुरुवार को आयोजित बसंतोत्सव की एक झलक।

प्रातःकाल से ही मंदिर में उत्सव का उल्लास देखने को मिला। ढोलक की थाप, मंजीरों की झंकार और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु भक्ति रस में झूमते नजर आए। बसंतोत्सव के अवसर पर श्रीमथुराधीश जी का विशेष श्रृंगार किया गया। ठाकुरजी को सफेद मलमल के वस्त्र धारण कराए गए तथा स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत किया गया। साथ ही पीले रंग के विविध पकवानों का विशेष भोग अर्पित किया गया।

यमुना मैया के भक्त बृज खंडेलवाल ने बताया कि उत्सव पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि बसंतोत्सव के साथ ही ठाकुरजी की खेल लीला और रंगोत्सव की शुरुआत भी हो गई है। पुष्टिमार्ग संप्रदाय में बसंत पंचमी से होली एवं रंग-खेल उत्सव का प्रारंभ माना जाता है, जो लगभग चालीस दिनों तक डोलोत्सव तक चलता है।

मंदिर परिसर में बसंत राग के पद और कीर्तन गूंजते रहे, जिससे श्रद्धालु भक्ति और आनंद में सराबोर दिखाई दिए। श्रद्धालुओं ने प्रेममयी सेवा और व्रज की लीलाओं का भावपूर्वक आनंद लिया। पुरुषोत्तम मास को पुष्टिमार्ग में मनोरथों का विशेष महीना माना जाता है, जिसके चलते मंदिर में प्रतिदिन विभिन्न उत्सवों और सेवाओं का आयोजन किया जा रहा है।

संध्या आरती मंदिर के महंत नंदन श्रोत्रिय एवं जुगल श्रोत्रिय ने संपन्न कराई। उन्होंने बताया कि 22 मई को यमुना आरती स्थल पर यमुना छठ उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इस अवसर पर कमल खंडेलवाल, विनीत खंडेलवाल, निखिल खंडेलवाल सहित अनेक वैष्णव भक्त उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor