भारत विकास परिषद अमृतम् ने योग शिविर से दिया निरोग जीवन और स्वस्थ भारत का संदेश
आगरा। अंतरराष्ट्रीय विश्व योग दिवस की पूर्व संध्या पर भारत विकास परिषद अमृतम् शाखा द्वारा डिफेंस एस्टेट स्थित सेंट्रल पार्क में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में योग विशेषज्ञों के निर्देशन में प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन जीने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पतंजलि योग के जिला अध्यक्ष एवं योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय तथा युवा जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार पचौरी के निर्देशन में हुआ। दोनों प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए योग के वैज्ञानिक, शारीरिक और मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत तथा जीवन ऊर्जावान बना रहता है।
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश तथा श्री रामलीला कमेटी के उपाध्यक्ष भगवान दास बंसल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का आधार भी है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
भारत विकास परिषद अमृतम् शाखा के अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता 'राम भाई' ने बताया कि इस वर्ष योग शिविर का आयोजन "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" विषय पर किया गया। उन्होंने कहा कि योग मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ वैश्विक कल्याण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है और स्वस्थ समाज के निर्माण में इसकी बड़ी भूमिका है।
शाखा के सचिव राजीव प्रीति गोयल तथा कोषाध्यक्ष मयंक जैन ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की संपूर्ण जीवनशैली है। नियमित योग करने वाला व्यक्ति तनावमुक्त, सकारात्मक और ऊर्जावान बना रहता है।
महिला सहभागिता उपाध्यक्ष रेखा राज अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग सबसे सरल, सहज और प्रभावी उपाय है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति अनेक बीमारियों से बचते हुए निरोग जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम में ब्रज प्रांत अध्यक्ष उमेश बंसल, संस्थापक एवं संरक्षक उमेश बाबू अग्रवाल, आरएस गुप्ता तथा विजय अग्रवाल ने भारत विकास परिषद अमृतम् शाखा द्वारा आयोजित इस जनजागरण कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम के संयोजक राजेश एवं सपना बंसल, ब्रजेश एवं जूली बंसल, संदीप एवं अनुभा मित्तल तथा अंकित एवं मनीषा बंसल रहे।
इस अवसर पर नीरज मित्तल, बृजमोहन रेपुरिया, संजीव गुप्ता, राकेश गोयन, रवि बंसल, अनुराग अग्रवाल, गौरव बिंदल, संचिता बिंदल, ज्योति मित्तल, मनोज जैन, अजय शिवहरे, संजय अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, राजीव मंगल, अंकित अग्रवाल, राजीव गुप्ता, अभिषेक गोयल, सुनील बंसल सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं नागरिक उपस्थित रहे।