बरेली के होटल में नाबालिग छात्रा के साथ मिला बिरयानी विक्रेता, तड़के पुलिस ने मारा छापा, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज, लव जिहाद के आरोप पर जमकर हंगामा
आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के बहेड़ी कस्बे में शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब नैनीताल हाईवे स्थित एक होटल में नाबालिग छात्रा के साथ मुस्लिम युवक के होने की सूचना पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने होटल में छापा मारा और बिरयानी बेचने वाले युवक मुजाहिद को हिरासत में ले लिया। छात्रा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना के बाद होटल के बाहर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हिंदू जागरण मंच युवा के कार्यकर्ताओं ने होटल प्रबंधन और आरोपी युवक के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए लव जिहाद का आरोप लगाया। पुलिस को हालात संभालने के लिए अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।
मिर्जापुर की रहने वाली है छात्रा
पुलिस के अनुसार पीड़ित छात्रा मिर्जापुर जिले के एक गांव की रहने वाली है। छात्रा की जन्मतिथि 18 फरवरी 2010 बताई गई है, जिसके आधार पर वह नाबालिग है।
छात्रा बहेड़ी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक रुड़की में इंजीनियरिंग डिप्लोमा की पढ़ाई कर रही है और छात्रावास में रहती थी।
मीठी-मीठी बातों में फंसाया
बहेड़ी क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि छात्रा ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि आरोपी मुजाहिद उससे लगातार बातचीत करता था और मीठी-मीठी बातों के जरिए विश्वास में ले चुका था।
छात्रा के अनुसार गुरुवार रात आरोपी ने उसे मिलने के लिए बुलाया। रात करीब 11 बजे वह अपने कमरे से बाहर निकली, जहां गणेश गेट के सामने मुजाहिद मिला। इसके बाद आरोपी उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर नैनीताल हाईवे स्थित ताज होटल ले गया।
होटल में बदल लिया नाम
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि होटल पहुंचने के बाद आरोपी ने अपना नाम सज्जाद बताया और उससे जोया नाम लिखाने को कहा। आरोप है कि होटल के एंट्री रजिस्टर में भी गलत नाम दर्ज कराया गया। इसके बाद आरोपी छात्रा को कमरे में ले गया।
विरोध के बावजूद किया दुष्कर्म
छात्रा का आरोप है कि कमरे के अंदर आरोपी ने जबरन उसके कपड़े उतार दिए और विरोध करने के बावजूद उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि वह किसी तरह होटल से निकलकर बाहर आई और बाद में पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
सुबह पांच बजे होटल पहुंचा हिंदू संगठन
घटना की भनक लगते ही हिंदू जागरण मंच युवा के कार्यकर्ता शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे होटल ताज पहुंच गए।
संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि होटल में बिना किसी सत्यापन के युवक-युवतियों को कमरे दिए जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने होटल को लव जिहाद का अड्डा बताते हुए प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बनाया।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।
होटलों में नहीं हो रहा सत्यापन
हिंदू जागरण मंच युवा के जिला अध्यक्ष हिमांशु पटेल ने कहा कि बहेड़ी क्षेत्र के कई होटलों में बिना पहचान पत्र और सत्यापन के कमरे दिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर होटलों में लाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से होटल संचालकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की।
आरोपी बोला- कुछ गलत नहीं किया
पुलिस पूछताछ में आरोपी मुजाहिद ने दावा किया कि वह अपनी दोस्त के साथ होटल आया था और उसने कोई गलत काम नहीं किया। हालांकि छात्रा के बयान, मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
होटल प्रबंधन भी जांच के घेरे में
पुलिस अब होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बिना सही पहचान और सत्यापन के कमरा कैसे उपलब्ध कराया गया।
सूत्रों के अनुसार पुलिस होटल के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। यदि लापरवाही पाई गई तो होटल प्रबंधन पर भी कार्रवाई हो सकती है। पुलिस ने छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है।