भाजपा की जीत का जश्न, महापौर ने जनता को झालमुड़ी बनाकर खिलाई, पटाखों और नारों से गूंजा माहौल

आगरा में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने पांच राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद सराय बेगा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया। उन्होंने झालमुड़ी बनाकर खिलाई और मिष्ठान वितरण किया। इस दौरान पीएम मोदी के समर्थन में नारे लगाए गए और जीत को ऐतिहासिक बताया गया।

May 5, 2026 - 22:42
 0
भाजपा की जीत का जश्न, महापौर ने जनता को झालमुड़ी बनाकर खिलाई, पटाखों और नारों से गूंजा माहौल
महापौर हेमलता कार्यकर्ताओं को झालमुड़ी खिलातीं हुईं।

आगरा। पांच राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद शहर में राजनीतिक उत्साह चरम पर देखने को मिला। इसी क्रम में आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने सराय बेगा में भाजपा पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया। इस दौरान माहौल पूरी तरह उत्सवमय रहा।

जश्न की खास बात यह रही कि महापौर ने खुद अपने हाथों से कार्यकर्ताओं के लिए झालमुड़ी तैयार की और सभी को खिलाई। साथ ही मिष्ठान वितरण कर खुशी साझा की गई। कार्यक्रम में मौजूद नारी शक्ति और अन्य कार्यकर्ताओं ने पटाखे चलाकर और “पीएम मोदी जिंदाबाद” के नारों के साथ जीत का उत्साह व्यक्त किया।

मीडिया से बातचीत के दौरान महापौर ने इसे ऐतिहासिक पल बताते हुए कहा कि यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि जनता के अटूट विश्वास की जीत है। उन्होंने नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच और मजबूत संगठन ने भाजपा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

महापौर ने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में मिली सफलता को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि “बंगाल में कमल खिलने की सुगंध अब पूरे देश में फैल चुकी है। गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक भाजपा का परचम लहरा रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि आगरा का हर कार्यकर्ता पार्टी नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने भाजपा को सुशासन, विकास और “सबका साथ, सबका विकास” की नीति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि जनता अब भय और भ्रष्टाचार से मुक्त होकर विकास के रास्ते को चुन रही है और यह जीत उसी बदलाव का संकेत है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पार्षद, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे आयोजन में जोश, उत्साह और एकजुटता साफ तौर पर देखने को मिली।