भाजपा में लंबे मंथन के बाद फैसला: अमित बंसल बनाये गये गोपेश्वर मंडल अध्यक्ष, डॉ. अमित सिंह इसी मंडल से जिला प्रतिनिधि घोषित
आगरा। संगठनात्मक खींचतान और लंबे इंतजार के बाद आखिरकार भारतीय जनता पार्टी ने आगरा उत्तर विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोपेश्वर मंडल के अध्यक्ष पद की घोषणा कर दी है। पार्टी ने अमित बंसल को गोपेश्वर मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि डॉ. अमित सिंह को इसी मंडल से जिला प्रतिनिधि घोषित किया गया है। इस घोषणा के साथ ही संगठन के भीतर चल रही अटकलों और दावेदारी की राजनीति पर विराम लग गया।
मंडल अध्यक्ष पद को लेकर चली थी लंबी खींचतान
भाजपा के संगठनात्मक चुनाव के दौरान गोपेश्वर मंडल के अध्यक्ष पद को लेकर काफी समय तक खींचतान चलती रही थी। कई नेताओं ने इस पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी, जिसके चलते उस समय मंडल अध्यक्ष की घोषणा टाल दी गई थी। संगठन के भीतर सहमति बनने में समय लगने के कारण यह पद लंबे समय तक खाली रहा।
अब पार्टी नेतृत्व ने अंतिम निर्णय लेते हुए अमित बंसल को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी है। इस घोषणा के साथ ही उन सभी दावेदारों को मायूसी हाथ लगी है, जो इस पद की दौड़ में शामिल थे।
प्रदेश नेतृत्व की संस्तुति पर हुआ चयन
भाजपा के बृज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने गोपेश्वर मंडल के अध्यक्ष और जिला प्रतिनिधि के नामों की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति पर अमित बंसल को गोपेश्वर मंडल अध्यक्ष तथा डॉ. अमित सिंह को जिला प्रतिनिधि के रूप में निर्वाचित घोषित किया गया है।