भाजपा महिला मोर्चा का जन आक्रोश मार्च, सैकड़ों महिलाओं ने भोगीपुरा से निकाली पदयात्रा
आगरा के शिवाजी मंडल क्षेत्र में भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने जन आक्रोश पदयात्रा निकाली। यह यात्रा राजीव टॉकीज से शुरू होकर भोगीपुरा की गलियों में निकली, जिसमें महिलाओं को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
आगरा। शुक्रवार शाम भाजपा के शिवाजी मंडल क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकालकर अपनी एकजुटता और सक्रियता का प्रदर्शन किया। यह पदयात्रा शाम राजीव टॉकीज सिनेमा से शुरू होकर इंदिरा कॉलोनी, भोगीपुरा क्षेत्र की गलियों से होते हुए निकाली गई।
पदयात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और घर-घर जाकर क्षेत्र की महिलाओं को विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष उपमा गुप्ता ने किया।
भाजपा शिवाजी मंडल अध्यक्ष पं. देवेश पचौरी ने बताया कि यह पदयात्रा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति आज समाज में परिवर्तन की अग्रदूत बन चुकी है और इस तरह के आयोजन महिलाओं की भागीदारी को और सशक्त बनाते हैं।
पदयात्रा के दौरान महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ नारे लगाए और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया। क्षेत्र की गलियों में पहुंचकर महिला कार्यकर्ताओं ने लोगों को पार्टी की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर अनीता खरे, पार्षद राधा मनवानी, पार्षद मीनाक्षी वर्मा, पार्षद रवि दिवाकर, मंजू कुशवाह, डॉ. हरि कृपा शुक्ला, बबीता शर्मा, विमला देवी, सुनीता, ललिता सारस्वत, रजनी, रचना कुमारी, पूनम, ऊषा शर्मा, श्वेता चतुर्वेदी, माला चतुर्वेदी, तनु सहित कई महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के संकल्प के साथ पदयात्रा का समापन किया।