एक नवंबर की रैली पर भाजपा ने राहुल गांधी को घेरा, रविशंकर बोले- सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कने की कोशिश
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी को 1 नवंबर को दिल्ली में अपनी रैली करने की ऐसी क्या जिद्द है, यह बात पार्टी की ओर से बहुत गंभीरता से उठाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हमने सुना है कि उनका जो गठबंधन है, उसमें बहुत से साथी 1 तारीख पर संतुष्ट नहीं हैं और कहा कि इसे थोड़ा आगे कर लीजिए।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी ने राहुल गांधी पर 1 नवंबर को होने वाली रैली की तारीख बदलने से इनकार करने का आरोप लगाया और कहा कि इस तारीख पर रैली आयोजित करने से सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचेगी। बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने शनिवार भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि ‘इंडिया’ गठबंधन के कई घटक दल कांग्रेस की एक नवंबर को रैली आयोजित करने की योजना से सहमत नहीं हैं और कार्यक्रम की तारीख बदलना चाहते हैं।
रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर जानबूझकर 1 नवंबर को रैली रखने का आरोप लगाया और तारीख बदलने से उनके इनकार की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बहुत सोची-समझी रणनीति के तहत, 1 नवंबर को ही रैली करने पर अड़े रहकर सिख समुदाय की आहत भावनाओं पर नमक छिड़कने का काम कर रहे हैं। वे रैली की तारीख बदलने से इनकार कर रहे हैं। हम इसकी कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी जिद पर अड़े हैं और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हैं। बीजेपी सांसद ने कहा कि वह सिखों के साथ क्रूर मजाक करने पर तुले हैं। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 31 अक्टूबर, 1984 को हत्या के बाद दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में सिख विरोधी दंगे भड़क उठे थे।
रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली को निर्वाचन आयोग के कामकाज में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ निकाले जा रहे ‘दिल्ली चलो’ मार्च के समापन कार्यक्रम के रूप में बताया गया है। कांग्रेस ने दावा किया है कि वोट चोरी के खिलाफ मार्च में कम से कम 10 लाख लोग शामिल होंगे। पार्टी ने कहा कि इससे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर एकजुटता का मजबूत संदेश जाएगा।
पंकज सिंह