मकान के बंटवारे में बरेली में खूनी संग्राम: टॉयलेट की पाइप लाइन पर दो पक्षों में जमकर पथराव, महिलाओं समेत कई लोगों के फटे सिर

-आरके सिंह- बरेली। बरेली शहर में मकान के बंटवारे को लेकर चला आ रहा पारिवारिक विवाद गुरुवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के बिहारीपुर मेमरान इलाके में कंजे वाली मस्जिद के पास स्थित करीब 200 गज के मकान में हिस्सेदारी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले। इस संघर्ष में महिलाओं समेत 10 लोग घायल हो गए, जिनमें कई के सिर फट गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए और चार लोगों को हिरासत में लिया है।

May 21, 2026 - 21:34
May 21, 2026 - 21:35
 0
मकान के बंटवारे में बरेली में खूनी संग्राम: टॉयलेट की पाइप लाइन पर दो पक्षों में जमकर पथराव, महिलाओं समेत कई लोगों के फटे सिर
संघर्ष में घायल लोग।

कोतवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडे ने बताया कि मकान में चार लोगों का हिस्सा बताया जा रहा है। गुरुवार को एक पक्ष की महिला मेहनाज अपने हिस्से में टॉयलेट बनवा रही थी। इसी दौरान पाइप लाइन डालने को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में तीखी बहस होने लगी और मामला मारपीट तथा पथराव तक पहुंच गया।

जिला अस्पताल में भर्ती घायल महिला मेहनाज ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर उनके परिवार पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने सिर पर वार किए, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं दूसरे पक्ष के घायल युवक जुनैद अहमद ने बताया कि जब उन्होंने अपने हिस्से को लेकर आपत्ति जताई, तो कहासुनी के बाद दूसरे पक्ष ने मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ओर से भारी पथराव होने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडे के अनुसार इस हिंसक झड़प में पहले पक्ष से मुनीर अहमद के बेटे जुनैद अहमद (22), तनवीर (12), शावाना (23), नुसरत (20) और जमीर (42) घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से सलीम अहमद, सालिद, सारिका, शाहिद, मेहनाज, सत्तों, निजा और आसिफा घायल हुए हैं। घायलों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई और पथराव रुकवाकर हालात नियंत्रित किए। घायल शावाना ने बताया कि घटना के दौरान वे लोग डरकर सीधे पुलिस चौकी की ओर भागे, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई।

पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor