आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक में पीछे से घुसी बस, चालक समेत तीन घायल

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डौकी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत तीन लोग घायल हुए हैं। बस में 25 से 30 यात्री सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

May 15, 2026 - 16:36
 0
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक में पीछे से घुसी बस, चालक समेत तीन घायल
टक्कर से क्षतिग्रस्त बस।

सुबह 5 बजे डौकी क्षेत्र में हादसा, बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना डौकी क्षेत्र में तेज रफ्तार बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक सहित तीन लोग घायल हो गए, जबकि बस में सवार अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही थाना डौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

वाजिदपुर अंडरपास के पास हुआ हादसा

थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा ने बताया कि दुर्घटना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर वाजिदपुर अंडरपास के ऊपर 16.700 किलोमीटर पॉइंट पर हुई। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि बस ट्रक में पीछे से टकराई हुई थी और बस का अगला हिस्सा बुरी तरह दब गया था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे के समय अधिकांश यात्री नींद में थे, जिससे अचानक जोरदार टक्कर होते ही बस में चीख-पुकार मच गई।

यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। पुलिस टीम ने तुरंत बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार करीब 25 से 30 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। घायल बस चालक और दो अन्य यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात भी सुचारु कराया।

दुर्घटना के कारणों की जांच जारी

थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा के मुताबिक हादसे के पीछे चालक को झपकी आना, तेज रफ्तार या दूरी का सही अनुमान न लग पाना संभावित कारण हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।