यूपी में होगा कैबिनेट विस्तार संभव, फिर तेज हुई सुगबुगाहट, संगठन पर भी हो सकता है बड़ा ऐलान
इसी साल मकर संक्रांति के पहले से ही कैबिनेट विस्तार की चर्चा ने जोर पकड़ लिया था। अब एक बार फिर से सुगबुगाहट तेज होने लगी है।
लखनऊ। यूपी बीजेपी के संगठन महामंत्री धर्मपाल दिल्ली दौरे पर हैं। धर्मपाल ने बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मुलाकात की। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि यूपी में संगठन और मंत्रिमंडल के मुद्दों पर शुरुआती चर्चा हुई है। अभी नाम और क्षेत्रों पर मंथन जारी है। सूत्र बता रहे हैं कि यूपी में बीजेपी के मौजूदा सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष हटाए जा सकते हैं।
चर्चा इस बात को भी लेकर है कि क्या योगी मंत्रिमंडल में खाली पड़े सिर्फ 6 पदों को भरा जाए या फिर कुछ को हटाकर उनकी जगह किसी और को भी मौका दिया जाए। इसके अलावा जल्द से जल्द यूपी बीजेपी के युवा मोर्चा, महिला मोर्चा समेत अन्य मोर्चों के अध्यक्षों का नाम भी फाइनल होगा।
बीते कुछ महीनों में यूपी कैबिनेट विस्तार की अटकलें कई बार लगी हैं. लेकिन तस्वीर साफ हो नहीं पाई। अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कैबिनेट विस्तार की अटकलों को बल भी मिला है।
अगर अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कैबिनेट विस्तार कर बीजेपी इसके जरिए बड़ा सियासी संदेश देने की कोशिश करेगी। सामाजिक वर्गों को सत्ता में भागीदारी देकर चुनाव से पहले समीकरण साधे जा सकते हैं। मौजूदा यूपी सरकार में कुल 54 मंत्री हैं। अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं। इसी साल मकर संक्रांति से पहले कैबिनेट विस्तार की चर्चा ने जोर पकड़ लिया था। माना जा रहा था कि 14 जनवरी 2026 के बाद यूपी मंत्रिमंडल की नई तस्वीर सामने आ सकती है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी से लेकर पूजा पाल और साध्वी निरंजन ज्योति के नाम कैबिनेट मंत्रियों की रेस में आए थे।