बेलनगंज में भैरों बाजार स्थित केनरा बैंक की बिल्डिंग भरभराकर गिरी, बाल-बाल बचे लोग

बेलनगंज भैरों बाजार स्थित केनरा बैंक की बिल्डिंग लंच टाइम के दौरान अचानक गिर गई। उस समय बैंक में 20-25 लोग मौजूद थे, जो समय रहते बाहर निकल आए। किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचकर राहत कार्य की तैयारी कर रहे हैं। मलबा हटने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

Apr 23, 2026 - 14:54
 0
बेलनगंज में भैरों बाजार स्थित केनरा बैंक की बिल्डिंग भरभराकर गिरी, बाल-बाल बचे लोग
मलबे में तब्दील बैंक की बिल्डिंग।

लंच टाइम में मचा हड़कंप, 20-25 लोग थे अंदर मौजूद, समय रहते निकले बाहर, टला बड़ा हादसा

आगरा। आगरा के बेलनगंज भैरों बाजार क्षेत्र में गुरुवार  दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब केनरा बैंक की एक पुरानी बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। घटना लंच टाइम के दौरान हुई, जब बैंक के अंदर कर्मचारी और ग्राहक मिलाकर करीब 20-25 लोग मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के एक हिस्से में निर्माण कार्य चल रहा था, जबकि दूसरे हिस्से में बैंक का कामकाज जारी था। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ बिल्डिंग का हिस्सा गिरने लगा। हालात बिगड़ते देख अंदर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए।

घटना के तुरंत बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने भीड़ को हटाकर क्षेत्र को घेर लिया है और सुरक्षा के मद्देनजर किसी को भी पास नहीं जाने दिया जा रहा।

फिलहाल राहत और बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है। मलबा हटाने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि अंदर कोई फंसा है या नहीं। पुलिस ने अभी किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन एहतियात के तौर पर हर पहलू से जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बिल्डिंग काफी पुरानी थी और हाल ही में उसमें निर्माण कार्य चल रहा था, जिससे उसकी संरचना कमजोर हो गई थी। हादसे के बाद आसपास के व्यापारियों और लोगों में दहशत का माहौल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन मलबा हटने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। किसी के फंसे होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है।